दिव्यांग बच्चों के लिए स्थापित होगा बचपन डे केयर सेंटर
Deoria News - देवरिया में दिव्यांग बच्चों के लिए प्री-प्राइमरी शिक्षा देने हेतु बचपन-डे-केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसमें 3 से 7 वर्ष के 60 बच्चे स्पेशल शिक्षकों के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करेंगे। केंद्र में आवश्यक सुविधाएं और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए भवन की तलाश और प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

देवरिया, निज संवाददाता। दिव्यांग बच्चों को प्री- प्राइमरी की शिक्षा देने के लिए जिले में बचपन-डे- केयर सेन्टर की स्थापना की जाएगी। जिसमें 3 से 7 वर्ष के दिव्यांग बच्चों को स्पेशल शिक्षकों के माध्यम से शिक्षित किया जाएगा। बचपन- डे- केयर सेन्टर की स्थापना के लिए भवन की तलाश की जा रही है। वहीं डे केयर सेन्टर में मुलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी से प्रस्ताव मांगा गया है। दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित एवं सामान्य रूप से मानसिक मंदता वाले दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए जिले में बचपन- डे- केयर सेन्टर की स्थापना की जाएगी।
जिसमें 3 से 7 वर्ष के 60 बच्चों को एक साथ प्री- प्राइमरी की शिक्षा दी जाएगी। दिव्यांग बच्चों को शिक्षित करने के लिए उन्हे ड्रेस, बैग एवं कॉपी- किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं स्मार्ट क्लास का संचालन किया जाएगा। बचपन डे केयर सेन्टर में बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी दिया जाएगा। जबकि बच्चों को घरों से ले आने और बचपन डे केयर सेन्टर से घर पहुंचाने के लिए वाहनों का भी प्रबंध होगा। बचपन डे केयर सेन्टर पर दृष्टिबाधित एवं श्रवण बाधित बच्चों के लिए दो- दो तथा मानसिक मंदता वाले बच्चों के लिए 3 शिक्षकों की तैनाती की जाएगी, जबकि एक समन्वयक भी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा बचपन डे केयर सेन्टर पर दो आया, दो अटेन्डेन्ट, दो चौकीदार एवं दो सफाई कर्मी भी तैनात किए जाएंगे। इसके संचालन के लिए जिले में भवन की तलाश की जा रही है, वहीं सेन्टर में मुलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव मांगा गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



