
मेडिकल कॉलेज में गर्भवती का इमरजेंसी सिजेरियन शुरु, मरीजों को होगी सहूलियत
Deoria News - महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए इमरजेंसी में सिजेरियन प्रसव की व्यवस्था शुरू की गई है। इससे गर्भवती और उनके तीमारदारों को काफी सहूलियत मिलेगी, क्योंकि पहले उन्हें रेफर किया जाता था। अब इस सुविधा से आर्थिक बोझ और परेशानी कम होगी।
देवरिया, निज संवाददाता। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अब हर समय इमरजेंसी में आने वाली गर्भवती का सिजेरियन प्रसव की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अब तक दोपहर बाद इमरजेंसी में आने वाली गर्भवती के आपरेशन की व्यवस्था न होने से उन्हें रेफर करना पड़ता था। मजबूरी में नर्सिंग होम का सहारा लेना पड़ता था या फिर हायर सेंटर जाना पड़ता था, जिससे तीमारदारों को परेशानी होती थी और उन पर आर्थिक बोझ भी पड़ता था, लेकिन यहां सुविधा शुरू होने से गर्भवती और उनके तीमारदार को काफी सहूलियत होगी। उन्हें समय के साथ धन की बचत होगी।

मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग स्थित महिला अस्पताल में गर्भवती सहित महिला रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है। यहां नार्मल प्रसव की चौबीस घंटे व्यवस्था है, जबकि प्रतिदिन दोपहर दो बजे तक आठ से दस सिजेरियन प्रसव होता था। इसके बाद इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए आपरेशन की व्यवस्था नहीं थी। सीएचसी व पीएचसी से आपरेशन की आवश्यकता महसूस होने पर चिकित्सक गर्भवती को मेडिकल कॉलेज रेफर कर देते हैं। शहरी क्षेत्र की गर्भवती भी इमरजेंसी में पहुंचती हैं, लेकिन दोपहर बाद तथा रात में आने वाली गर्भवती का आपरेशन से प्रसव नहीं हो पाता था, जिससे उन्हें रेफर कर दिया जाता था। इसका फायदा दलाल उठाते थे और बहला-फुसलाकर सेटिंग के अस्पताल में पहुंचा देते थे तो कुछ लोग प्रसव के लिए नर्सिंग होम का सहारा लेते थे। प्राचार्य डॉ. रजनी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद महिला अस्पताल का निरीक्षण किया तो यह समस्या सामने आई, जिसे गंभीरता से लिया। उन्होंने सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, स्त्री रोग विभागाध्यक्ष बबीता कपूर, डॉ. माया सिंह व अन्य चिकित्सों से बात की और इमरजेंसी सिजेरियन शुरू करने की बात कही। महिला अस्पताल में विभागाध्यक्ष के अलावा डॉ. माया सिंह, डॉ. नगमा, डॉ. अदिती, डॉ. श्वेता मिश्रा तथा एसआर डॉ. सदब, डॉ. शुभांगी, डॉ. नुपूर, डॉ. प्रिया हैं। इसके बाद कार्ययोजना तैयार कर इमरजेंसी में हर समय आपरेशन से प्रसव शुरू कर दिया गया। इसके तहत जिस चिकित्सक के ओटी का दिन होगा, वह दोपहर बाद भी आन काल मौजूद रहेगा और इमरजेंसी में आने वाली मरीज के सिजेरियन की जिम्मेदारी होगी। बेहोशी के चिकित्सक डॉ. धीरज, डॉ. प्रशांत व एसआर डॉ. कृष्णा भी आन काल रहेंगे। साथ ही आपरेशन के लिए पैथालाजी जांच की सुविधा हर समय उपलब्ध रहेगी। इस व्यवस्था के शुरू होने से गर्भवती और तीमारदारों को सहूलियत होगी। उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा। --------- मेडिकल कॉलेज के एमएचसी विंग स्थित महिला अस्पताल में प्राचार्य डॉ. रजनी के निर्देशन में इमरजेंसी में आने वाली गर्भवती के सिजेरियन की सुविधा शुरू कर दी गई। इससे गर्भवती व उनके तीमारदारों को काफी सहूलियत होगी। उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा। डॉ. एचके मिश्रा सीएमएस, मेडिकल कॉलेज

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




