जनता दर्शन पर की शिकायत, खुद गांव पहुंच डीएम ने कराया निस्तारण
देवरिया में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में आई महिलाओं की समस्याओं का समाधान किया। शोभा देवी की भूमि पर अवैध कब्जा था, जिसे डीएम ने तत्काल निस्तारित कराया। उषा देवी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। भूमि विवाद पर भी त्वरित निस्तारण का आदेश दिया गया।

देवरिया, निज संवाददाता। न्याय के लिए डीएम मधुसूदन हुल्गी के जनता दर्शन में महिला पहुंची, शिकायत दर्ज कराई, उसे लगा कि तहसील का कोई अधिकारी पहुंच कर उसकी समस्या का समाधान कर देगा। अचानक डीएम मधुसूदन हुल्गी गांव पहुंचे और नायब तहसीलदार हरि प्रसाद को मौके पर बुलाकर तत्काल मामले का निस्तारण कराया। डीएम के इस कार्य की हर तरफ सराहना की जा रही है।
शोभा देवी की शिकायत
सलेमपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बंजरिया शुक्ल की रहने वाली शोभा देवी पत्नी स्व.अजय निषाद ने जनता दर्शन में प्रार्थाना पत्र देकर शिकायत की कि उनकी भूमि पर गांव के एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। कई बार उसने शिकायत की, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। सोमवार को जनता दर्शन के बाद डीएम खुद ही गांव पहुंच गए और नायब तहसीलदार हरि प्रसाद के नेतृत्व में टीम बुलाकर तथा उभय पक्ष से मामले की जानकारी कर निस्तारण कराया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण कराया जाए। आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सरकारी योजनाओं का लाभ
जनता दर्शन में फरियादी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन के दौरान फरियाद लेकर पहुंची एक महिला की न केवल समस्याएं सुनी, बल्कि तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। राउतपार रघेन निवासी उषा देवी अपनी पुत्री के साथ जनता दर्शन में पहुंचीं। जिलाधिकारी ने उनसे परिवार की स्थिति एवं बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली.
महिला ने बताया कि उनके तीन पुत्रियां एवं एक पुत्र हैं तथा आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। महिला की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार आवासीय पट्टा उपलब्ध कराने, राशन कार्ड बनवाने, आयुष्मान कार्ड जारी कराने तथा प्रोबेशन विभाग की संचालित योजनाओं के तहत कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिलाने के साथ ही बच्चियों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में दाखिला कराए जाने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद का निस्तारण
भूमि विवाद में एसडीएम को त्वरित निस्तारण का निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मुंडेरा बुजुर्ग निवासी योगेंद्र कुमार गुप्ता ने भूमि पैमाइश एवं पत्थरनशब से संबंधित प्रकरण जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष प्रस्तुत किया। फरियादी ने बताया कि मामले में धारा-24 के तहत आदेश पारित हो चुका है, लेकिन अब तक मौके पर पत्थरनशब की कार्यवाही नहीं हो सकी है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उपजिलाधिकारी सदर से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


