आठ माह बीते पर नहीं खुलासा हत्या का राज
Deoria News - बंजरिया (देवरिया) में डीजे संचालक हीरालाल शर्मा की हत्या को आठ महीने बीत गए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। मृतक की पत्नी न्याय के लिए भटक रही है। पुलिस ने कई जांच की हैं, लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला। परिजन अब प्रशासन पर निर्भर हैं।

बंजरिया(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। डीजे संचालक की हत्या को आठ माह बीत गए, लेकिन अब तक पुलिस घटना का पर्दाफाश नहीं कर पाई है। समय बीतने के साथ ही मामला ठंडे बस्ते में नजर आ रहा है। पुलिस बिसरा रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, वहीं मृतक की पत्नी न्याय के लिए भटक रही है। बंजरिया बाजार गांव निवासी हीरालाल शर्मा गांव में डीजे और टेंट का काम करते थे। करीब दस अगस्त की रात उनके मोबाइल पर फोन आया। इसके बाद वे घर से बाहर निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन गांव के पास खेत में उनका शव मिला।
मुंह से खून आया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासा के लिए कई टीमों लगाई गईं, सर्विलांस की मदद ली गई और दर्जनों लोगों से पूछताछ भी हुई, लेकिन अब तक हत्यारों का सुराग नहीं मिल सका है और न ही जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा, लेकिन लगातार देरी की वजह से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जबकि परिजनों का भरोसा डगमगाने लगा है। मृतक की पत्नी न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। वह कई बार थाने और अधिकारियों का चक्कर लगा चुकी है, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते गंभीरता से कार्रवाई की जाती, तो शायद अब तक हत्यारे पकड़े जा चुके होते। इस मामले में न्याय की आस लगाए परिवार की निगाह अब भी प्रशासन पर टिकी है। इस संबंध में तरकुलवा थानाध्यक्ष संजय सिंह चंदेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बिसरा जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


