डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण
Deoria News - देवरिया में, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, भंडारण और निगरानी की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण को संतोषजनक बताया।

देवरिया, निज संवाददाता। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। निरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-नियंत्रण प्रणाली तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, वेयरहाउस परिसर की साफ-सफाई, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा एवं रखरखाव मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा एवं रखरखाव में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण प्रक्रिया को संतोषजनक बताते हुए प्रशासन द्वारा अपनाई जा रही पारदर्शी व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, विजय कुमार पांडेय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्र, विजय पटेल, सपा नेता रमेश यादव के अलावा संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


