
स्टेडियम रेड ने कमला क्रिकेट एकेडमी को आठ विकेट से हराया
Deoria News - देवरिया में रवींद्र किशोर शाही स्पोर्टस स्टेडियम में पं. दीन दयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी पर जूनियर बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। पहले दिन तीन मैच खेले गए। स्टेडियम रेड ने कमला क्रिकेट एकेडमी को हराया, जबकि देवरिया क्रिकेट अकादमी ने डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी को 39 रनों से और देवरिया छात्रावास ने देवांश क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से जीत हासिल की।
देवरिया, निज संवाददाता। शनिवार को रवींद्र किशोर शाही स्पोर्टस स्टेडियम में पं. दीन दयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी पर जिला स्तरीय जूनियर बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय तिवारी और जिला क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय कर शुभारंभ किया। पहले दिन नॉक आउट आधार पर तीन मैच खेले गए। पहला मैच स्टेडियम रेड व कमला क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। स्टेडियम रेड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कमला क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 12 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाए।

इसमें अमन ने 23 और जमाल ने 14 रनों का योगदान दिया। स्टेडियम रेड के अकित ने दो और आदित्य, दीपक व प्रिंस ने ने एक-एक विकेट चटकाए। 60 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम रेड की टीम ने 10 ओवर में आठ विकेट शेष रहते मुकाबला जीत लिया। तेजस 23 व कृतार्थ 17 रन बनाकर नाबाद रहे। कमला किक्रेट एकेडमी के जमाल ने दो विकेट लिए। दूसरा मैच डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी और देवरिया क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया, जिसमें देवरिया अकादमी ने 39 रनों से जीत हासिल की। तीसरा मैच देवरिया छात्रावास और देवांश क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। इसमें देवरिया छात्रावास सात विकेट से विजेता बना। इस दौरान प्रशिक्षक अवधेश यादव, लालू सिंह यादव, विजय कुमार पाल, प्रवीन कुमार, डीके पाण्डेय, अशोक कुमार सिंह, पवन कुमार, राघवेन्द्र सिह व नागेन्द्र त्रिपाठी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




