एसएसबीएल इंटर कॉलेज में भारतीय भाषा ग्रीष्म शिविर आयोजित
देवरिया के बनवारी लाल इंटरमीडिएट कॉलेज में भारतीय भाषा ग्रीष्म शिविर के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। डॉ. राजेश मिश्र ने भारतीय भाषाओं की परंपरा और उनके महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने संस्कृत को भारतीय भाषाओं की आधारभूत भाषा बताया और भाषायी लोकतंत्र की आवश्यकता पर जोर दिया।

देवरिया, निज संवाददाता। सेवा समिति बनवारी लाल इण्टरमीडिएट कॉलेज में सोमवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार भारतीय भाषा ग्रीष्म शिविर के अंतर्गत भारतीय भाषा विषयक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा की विषय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए प्रवक्ता डॉ. राजेश मिश्र ने कहा कि भारतीय परंपरा को दृष्टिगत करते हुए यदि भारतीय भाषाओं पर विचार किया जाए, तो सभी भारतीय भाषाएं सहोदर बहने हैं। उन्होंने कहा कि भाषा विज्ञान की कुछ एक विचारधाराएं भारतीय भाषाओं का मूल्यांकन आर्यन मूल और द्रविड़ियन मूल के भम्रपूर्ण सिद्धांत पर करते हैं, किंतु मूलत: सभी भारतीय भाषाओं के व्याकरण की संरचना का आधार संस्कृत भाषा पर टिका हुआ है।
उन्होंने भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची का जिक्र करते हुए यह कहा कि आठवीं अनुसूची में उल्लिखित 22 भारतीय भाषाओं के माध्यम से संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को दृष्टिगत करते हुए भाषायी लोकतंत्र का आधार प्रस्तावित किया। प्रवक्ता अनिल कुमार मिश्र ने वाक्य संरचना के विभिन्न तत्वों के आपसी संबंधों के नियमों और सिद्धांतों पर चर्चा किया। सहायक अध्यापक गुलाब चन्द चौरसिया ने स्वर और व्यंजन के महत्व को प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाषा का एक प्रमुख दायित्व यह भी है कि वह समाज जीवन में माधुर्य का संचार करें। अंत में परिचर्चा में सम्मिलित वक्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. अजय मणि त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय परंपरा शब्द साधना की परंपरा है। उन्होंने देव भाषा संस्कृत को भारतीय संस्कृति का प्राणवायु बताया। संचालन रमाशंकर चौरसिया ने किया। इस दौरान अशोक कुमार चौहान, डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल, डॉ. शिवधारी प्रसाद, अखिलेश कुमार पाण्डेय, अजय कुमार पाण्डेय, संजयानन्द पाण्डेय, संजीव कुमार पाठक, सुमन सिंह, अविनाश कुमार बरनवाल, संतोष कुमार राय, गुलाबचंद चौरसिया एवं आदित्य कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


