देवरिया रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग युवक की पिटाई व घसीटने का वीडियो वायरल

Apr 04, 2026 11:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share

Deoria News - देवरिया रेलवे स्टेशन पर एक दिव्यांग युवक को कुछ लोगों ने बेरहमी से मारा-पीटा। युवक एक दुकानदार से विवाद में था, जिसके बाद दुकानदार ने हमला किया। कई लोग मौके पर आए और युवक की पिटाई जारी रखी। एक पुलिसकर्मी ने उसे बचाने के बजाय प्लेटफॉर्म से बाहर खींच लिया। घटना की स्थानीय लोगों ने निंदा की है।

देवरिया रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग युवक की पिटाई व घसीटने का वीडियो वायरल

देवरिया, हिंदुस्तान टीम। जिले के सदर रेलवे स्टेशन से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक दिव्यांग युवक को कुछ लोग बेरहमी से मारते-पीटते और घसीटते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार रात का है। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि हिंदुस्तान इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के मुताबिक, दिव्यांग युवक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैठा हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी वहां मौजूद एक दुकानदार से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार प्लास्टिक का पाइप लेकर युवक पर हमला कर बैठा।

दिव्यांग होने के कारण युवक न तो ठीक से बोल पा रहा था और न ही वहां से भाग सका। वीडियो में दिख रहा है कि युवक खुद को बचाने के लिए जमीन पर इधर-उधर लुढ़कता रहा, लेकिन हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर में आधा दर्जन लोग और मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवक की पिटाई शुरू कर दी। युवक खुद को बचाने के लिए हमलावरों के हाथ-पैर पकड़ने और काटने की कोशिश करता दिखा, लेकिन वह असफल रहा।हैरानी की बात यह है कि इस दौरान जीआरपी का एक पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचा, लेकिन उसने युवक को बचाने के बजाय उसे पकड़कर प्लेटफॉर्म से बाहर ले जाने में मदद की। इसके बाद भी मारपीट जारी रही। एक युवक ने दिव्यांग को जमीन पर घसीटते हुए उसकी पिटाई की। वीडियो वायरल होने के बाद देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल मामले में रेलवे पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।