Deoria News: यात्री सुरक्षा को पुलिस की नई पहल, 8 हजार ई-रिक्शा पर लगेंगे क्यूआर कोड
Deoria News: देवरिया पुलिस ने यात्री और महिला सुरक्षा के लिए ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड लगाने की पहल की है। पहले चरण में आठ हजार ई-रिक्शा पर यह कोड लगाया जाएगा, जिससे वाहन और चालक की संपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। यह प्रणाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मदद करेगी।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। देवरिया पुलिस ने यात्री व महिला सुरक्षा को लेकर एक नई पहल की है। अब ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड लगेंगे। पहले चक्र में आठ हजार ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड लगाने का लक्ष्य रखा गया है। क्यूआर कोड में वाहन, चालक व मालिक की संपूर्ण जानकारी होगी। एक क्लिक में सभी जानकारियां यात्रियों के पास मिल जाएगी। इसको लेकर पुलिस पहले ही पुलिस लाइन में ई-रिक्शा चालकों व लोगों के साथ बैठक कर चुकी है।
ई-रिक्शा सुरक्षा पहल
जिले में बड़े पैमाने पर ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। आए दिन ई-रिक्शा में चोरी समेत अन्य घटनाएं हो रही हैं और चालक तथा मालिक बच जा रहे हैं। लगातार इसकी शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थीं। देवरिया पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। प्रत्येक ई-रिक्शा पर एक विशिष्ट क्यूआर कोड लगाया जा रहा है। इस कोड को स्कैन करते ही वाहन का पंजीकरण विवरण, चालक का नाम-पता, मालिक की जानकारी और अन्य आवश्यक डेटा तत्काल मिल जाएगा। यह प्रणाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण में सहायक होगी और महिला यात्रियों की सुरक्षा को भी अधिक प्रभावी बनाएगी।
यातायात पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका
यातायात पुलिस लगातार सभी ई-रिक्शा चालकों से अपने वाहनों पर निर्धारित क्यूआर कोड अनिवार्य रूप से लगवाने का आग्रह कर रही है। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। यातायात उप निरीक्षक गुलाब सिंह ने बताया क्यूआर कोड व्यवस्था से सार्वजनिक परिवहन में पारदर्शिता बढ़ेगी और आवश्यकता पड़ने पर वाहन तथा चालक की पहचान तुरंत संभव हो सकेगी। उन्होंने जोर दिया कि यह पहल अपराध नियंत्रण, शिकायतों के निस्तारण और समग्र यात्री सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
बारकोड जागरूकता अभियान
मईल में लगाया गया ई-रिक्शा पर बारकोड
भागलपुर। मईल पुलिस की तरफ से भागलपुर, मईल व अन्य जगहों पर ई-रिक्शा में बार कोड लगाया गया और लोगों को इसके प्रति पुलिस ने जागरूक भी किया। लोगों को बताया गया कि अब कोई घटना होने पर तत्काल बार कोड स्कैन करें। इससे पूरी जानकारी मोबाइल पर आ जाएगी।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


