Deoria News: देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान दो दर्जन छात्राएं हुई बेहोश
Deoria News: देवरिया में गुरुवार को तिरंगा यात्रा के दौरान दो दर्जन से अधिक छात्राएं बेहोश हो गई। जुलूस में शामिल छात्राओं के गिरने और चक्कर आने से हड़कंप मच गया। सभी को मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें उपचार दिया गया। डीएम मधुसूदन हुलगी भी मौके पर पहुंचे।
Deoria News: देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। देवरिया में गुरुवार को तिरंगा यात्रा के दौरान करीब दो दर्जन छात्राएं बेहोश हो गई। जुलूस में शामिल छात्राओं के अचेत होकर गिरने और चक्कर आने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर डीएम मधुसूदन हुलगी भी पहुंच गए हैं। छात्रों के इलाज करने में डॉक्टरों की टीम लगी है।
गुरुवार की दोपहर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज की छात्राएं भी शामिल थी। यात्रा निकलने के कुछ ही देर बाद कुछ छात्राओं ने चक्कर आने की शिकायत की। इस दौरान कुछ छात्राएं अचेत होकर गिर पड़ीं । आनन-फानन में सभी को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एचके मिश्र के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम लगी हुई है। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कुछ छात्राओं को ऑक्सीजन भी दिया गया है। जिला प्रशासन के आदेश पर जीआईसी से रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम तक यह तिरंगा यात्रा निकाली गई थी।


