Deoria News: मुहल्ले की समस्या को लेकर प्रशासन को दिया ज्ञापन
Deoria News: देवरिया नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 28 के शिवपुरम कॉलोनी में सड़क, जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या है। कांग्रेस नेता संजीव कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी के पास सामूहिक पत्र देकर इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। नगर पालिका प्रशासन ने पिछले तीन माह से कोई कार्रवाई नहीं की है।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। देवरिया नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 28 रामनाथ देवरिया के शिवपुरम कॉलोनी में जर्जर सड़क, जलभराव, कीचड़ और जलनिकासी की गंभीर समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा व मुहल्ला निवासी आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिलकर सामूहिक शिकायती पत्र दिया। ज्ञापन में नगर पालिका प्रशासन, भाजपा सरकार और उसके स्वच्छ भारत अभियान पर तीखा सवाल उठाया गया है। इसमें कहा है कि शिवपुरम कॉलोनी स्थित 25 शैय्या राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय तक जाने वाला मार्ग बदहाल है। प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों के आने-जाने वाले इस रास्ते पर गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी हुई है।
संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि भाजपा सरकार स्वच्छ भारत अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है, वहीं शहर के शिवपुरम कॉलोनी की सड़कों पर फैला कीचड़, जलभराव एवं झाड़ झंखाड़ नगर पालिका के स्वच्छता के दावों की पोल खोल रहा है। सड़क पर कीचड़, बजबजाता पानी और जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा मरीजों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। 16 मई को मुहल्ले के 38 लोगों ने हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा एवं वार्ड सभासद को दिया गया था, लेकिन तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं कराया गया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मोहल्ले में न तो पक्की सड़क है,न ही समुचित जलनिकासी की व्यवस्था है, न पक्की नाली और न ही पर्याप्त पथ प्रकाश है।


