दीवान पर कार्रवाई, पर जिम्मेदारों पर रहम!
Deoria News - देवरिया में एक युवक ने चंद सालों में करोड़ों की संपत्ति अर्जित की, जिसके चलते उसके मां-बाप को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह दीवान की अनुमति से हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कई अधिकारी इस प्रकरण में शामिल हैं।

देवरिया, निज संवाददाता। चंद सालों में करोडों की संपत्ति अर्जित करने वाले युवक के मां-बाप को कोतवाली से छोड़ने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दीवान पर कार्रवाई और जिम्मेदारों पर रहम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बड़े मामले में बैठाए गए दंपत्ति को केवल दीवान ने ही छोड़ दिया? या फिर किसी जिम्मेदार की अनुमति से छोड़ा गया? अगर दीवान ने बिना किसी की अनुमति के ही उन्हें छोड़ दिया तो इसकी रिपोर्ट तत्काल क्यों नहीं पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई? यह भी एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। हालांकि पुलिस के अधिकारी प्रकरण की ठीक से जांच कराने का दावा कर रहे हैं।
महुआडीह थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक बेटिंग ऐप पर खेलता है। साथ ही क्रिप्टोकरेंसी में अच्छा मुनाफा दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी की। चंद वर्षों में वह करोड़ों का मालिक बन गया। उसके लग्जरी लाइफ देख धीरे-धीरे नेटवर्क बढ़ता गया और लोग जुड़ते गए। बड़ी संख्या में उससे युवाओं का एक गोल जुड़ चुका है। उसके नेटवर्क की जानकारी होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई और देवरिया की एसओजी व कोतवाली पुलिस भी जांच में कुछ माह पहले लगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दिसंबर 2025 में यह कहानी शुरू हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके मां-बाप को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की, ताकि नेटवर्क तक वह पहुंच जाए। लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। कुछ दिन बाद इसकी शिकायत एंटी करप्शन समेत विभिन्न अधिकारियों तक पहुंची तो कोतवाली में तैनात दीवान सूर्यनाथ विश्वकर्मा को निलंबित कर दिया गया। आरोप में यह कहा गया कि सूर्यनाथ विश्वकर्मा ही इसमें नेटवर्क बना और रुपया लिया। इसके बाद उसने ही दंपती को छोड़ दिया। खास बात यह है कि जब बड़े-बड़े अधिकारियों की जानकारी में यह मामला था तो दीवान कैसे छोड़ दिया? अगर दीवान ने छोड़ा तो कोतवाली में तैनात जिम्मेदार को इसकी तत्काल रिपोर्ट एसपी व अन्य अधिकारियों को भेजनी चाहिए थी? उस समय तो इसकी रिपोर्ट नहीं भेजी गई? आखिरकार क्यों नही भेजी गई? यह भी एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी कुछ भी कहने से अभी परहेज कर रहे हैं। उनका कहना है कि सीओ अब इसकी जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर पुलिस का खास माना जाने वाला एक युवक जो इस प्रकरण में मध्यस्थता किया था, अब वह भी लगभग भूमिगत हो गया है। पुलिस के जिम्मेदार उसकी भी तलाश कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


