Deoria News: नगर पालिका कार्यालय के आस-पास की सड़कें जर्जर
Deoria News: देवरिया नगर पालिका कार्यालय के आसपास की सभी सड़कें जर्जर हो गई हैं। गढ़्ढों के कारण आवागमन दुरूह हो गया है। नगर पालिका से रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख सड़कों की हालत खराब है। मरम्मत न होने से निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें और नालियों की मरम्मत पर करोड़ों खर्च हो रहे हैं।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। नगर पालिका कार्यालय के आस-पास की सभी सड़कें जर्जर हो गई हैं। मालवीय रोड से कोऑपरेटिव चौराहे तक की सड़क में गढ्ढों की भरमार है। नगर पालिका कार्यालय के 200 मीटर के दायरे की सभी सड़कें बदहाल हैं। नगर पालिका से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन तक और तहसील रोड से गोरखपुर रोड तक सड़क टूट कर गढ्ढों में तब्दील हो गई है। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान की पड़ताल में यह सच्चाई सामने आई है। देवरिया नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न मोहल्ले की बात कौन कहे नगर पालिका कार्यालय के आसपास की सभी सड़के जर्जर हो गई है। गढ्ढों में तब्दील होने के चलते आवागमन दुरूह हो गया है।
जर्जर सड़कों का खामियाजा शहर वासियों को भुगतना पड़ रहा है। शहर के सड़कों और नालियों के निर्माण पर करोडों रूपया खर्च किया जा रहा है। लेकिन शहर के बीच में स्थित नगर पालिका परिषद के अगल-बगल की सड़कों की दशा खराब है। मरम्मत नहीं होने से सड़कें लोगों के लिए मुसीबत बन गयी हैं। सुभाष चौक से मालवीय रोड ओवरब्रिज तक सड़क में सैकड़ों गढ्ढे हो गये है। लेकिन इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है, जबकि यह शहर का सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़क है। मालवीय रोड से नगर पालिका कार्यालय होकर कोआपरेटिव चौराहे तक की सड़क टूटकर जर्जर हो गयी है। इस सड़क पर आते ही बाइक सवारों की रफ्तार कम हो जाती है। क्योंकि तेज चलाने पर गढ्ढों के चलते दुर्घटना होने का भय बना रहता है। नगर पालिका से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क की दशा भी बहुत खराब है। तहसील चौक पर सड़क टूटकर जर्जर हो गयी है। सालों से इस सड़क का मरम्मत नहीं कराया गया है। तहसील रोड से जूता गली होकर गोरखपुर रोड तक जाने वाली सड़क की दशा सबसे खराब हो गयी है। सड़क पूरी तरह से टूट गयी है। इससे आवागमन दुरूह हो गया है। यह सभी सड़कें नगर पालिका कार्यालय के 100 से 200 मीटर के दायरे में हैं। बरसात में गढ्ढों में तब्दील सड़कों के पानी लगने से राहगीरों के कपड़े खराब हो जाते हैं। नगर पालिका कार्यालय के आस-पास की बदहाल हो चुकी सड़कों की जिम्मेदारों की अनदेखी से नगर वासी भी हैरान हैं।


