Deoria News: मेडिकल कॉलेज में 12.48 करोड़ की लागत से बनेगा ब्वायज हास्टल
Deoria News: महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों के लिए 12.48 करोड़ की लागत से 160 बेड का नया ब्वायज हास्टल बनाया जाएगा। निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। हास्टल में छात्रों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिसमें कमरे, लिफ्ट, डायनिंग रूम, और अन्य आवश्यक सेवाएं शामिल हैं।
Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों के लिए हास्टल का निर्माण कराया जाएगा। ब्वायज हास्टल के पास ही 12.48 करोड़ की लागत से छात्रों के लिए 160 बेड काऔर एक हास्टल होगा। इसको बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। पांच मंजिले भवन के निर्माण के लिए ले आउट तैयार करने के बाद फाउंडेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके बन जाने से छात्रों के लिए सहूलियत होगी। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सौ सीटें हैं। इसमें आल इंडिया कोटा की 15 और स्टेट की 85 सीट है। पहला बैच निकल चुका है। अब तक एक ब्वायज और एक गर्ल्स हास्टल है। छात्रों की संख्या को देखते हुए प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल के प्रयास से 160 बेड के एक ब्वायज हास्टल की स्वीकृति मिली। सारी कार्रवाई पूरी होने और धन आवंटन के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका क्षेत्रफल 3677.34 वर्ग मीटर में होगा। इसमें छात्रों के लिए सभी सुविधाएं होंगी। भूतल करीब 782.22 वर्गमीटर, प्रथम मंजिल 768, दूसरी से लेकर पांचवीं मंजिल करीब 709-709 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा.
हास्टल में यह होगा
मेडिकल कॉलेज में बन रहे ब्वायज हास्टल में छात्रों के लिए सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। भूतल पर 18 कमरे, दो लिफ्ट, दो सीढ़ी, डायनिंग रूम, किचेन, पैंट्री, वाशरूम, विजिटल रूम, वार्डेन रूम, इलेक्ट्रिक रूम, मेस वर्कर रूम, स्टोर, सिक्योरिटी रूम, सीक रूम, सर्विस रूम, टायलेट आदि होंगे। पहली मंजिल पर करीब 35 रूम, कामन रूम, टायलेट, सीढ़ी, लिफ्ट, दूसरी से लेकर पांचवीं मंजिल पर 35-35 रूम और टायलेट, सीढ़ी, लिफ्ट की सुविधा होगी। छात्रों के सभी कमरे नौ वर्ग मीटर के होंगे। निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। फाउंडेशन के साथ ही कार्य में तेजी आएगी.


