
मेडिकल कॉलेज में बुखार, नस, सांस, कान से पीड़ित बढ़ रहे मरीज
Deoria News - महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को तीन हजार से अधिक मरीज पहुंचे। बुखार, नस, जोड़ों के दर्द, सांस, कान, और त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए लोग आए। कई विभागों में लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फीवर क्लिनिक का उद्घाटन भी हुआ, जिसमें वृद्ध मरीजों को विशेष सुविधा दी जाएगी।
देवरिया, निज संवाददाता मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ रही। करीब तीन हजार से अधिक लोग पहुंचे थे। बुधवार को सभी जगह मरीजों और तीमारदारों को इंतजार करना पड़ा। बुखार, नस, जोड़ों के दर्द, सांस, कान, त्वचा से पीड़ित मरीज बढ़े हैं। आर्थो, मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन, बाल रोग, ईएनटी, सर्जरी, स्किन विभाग में कतार रही। डॉक्टर कक्ष में पहले जाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई। एक्स-रे सेंटर, बिलिंग काउंटर पर भी भीड़ रही। इन स्थानों पर मरीजों व तीमारदारों में नोंकझोक हुई। दवा काउंटर पर लोगों को प्रतीक्षा करनी पड़ी, जिससे परेशानी हुई। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र के लोग इलाज कराने पहुंचे थे।

सुबह से लाइन में लग गए। दस बजे तक कतार लम्बी हो गई। करीब 2000 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया, वहीं फालोअप में भी मरीज पहुंचे थे। इसमें बुखार, सांस, नस, जोड़ों व ऐड़ी के दर्द, कान, सांस फूलने के साथ चेस्ट पेन व त्वचा से संबंधित रोग से पीड़ितों की संख्या अधिक रही। आर्थों में अधिक भीड़ रही। इस रास्ते गुजरने में लोगों को दिक्कत हुई। यहां करीब 500 मरीजों का इलाज हुआ। इसमें नस, कमर, घुटना, ऐड़ी, गर्दन दर्द, सर्वाइकल, झनझनाहट, गठिया के मरीज अधिक रहे। मेडिसिन में लंबी लाइन रही। करीब 400 से अधिक मरीज पहुंचे थे। इसमें बुखार, सर्दी, खांसी, पेट दर्द, सांस फूलने के साथ चेस्ट पेन, बीपी, शुगर से पीड़ित मरीज अधिक रहे। चेस्ट व टीबी विभाग में भी लाइन रही। एलर्जी, सांस, अस्थमा के अधिक मरीज रहे। यहां 120 से अधिक मरीजों का इलाज हुआ। ईएनटी में लम्बी लाइन लगी थी। यहां करीब 177 से अधिक मरीज पहुंचे थे। इसमें कान में खुजली, दर्द, सनसनाहट, कम सुनाई देने, गले में खरास से पीड़ित मरीज रहे। स्किन में करीब 250 मरीजों का इलाज हुआ। इसमें दाद, खुजली, दाने निकलने के पीड़ित मरीज अधिक रहे। सर्जरी में 120 मरीजों का उपचार हुआ। इसमें पाइल्स, पथरी, हार्निया सहित अन्य मरीज रहे। बाल रोग में करीब 140 मरीज रहे। इसमें बुखार, सर्दी, खांसी, सांस, पेट दर्द के पीड़ित अधिक रहे। मानसिक रोग में 96, दंत में 70 मरीज पहुंचे थे। एक्स-रे सेंटर पर लम्बी कतार रही। यहां मरीजों को मशक्कत करनी पड़ी, वहीं बिलिंग व दवा काउंटर पर भीड़ से मरीजों व तीमारदारों को परेशानी हुई। दो दिन बाद भी बिलिंग काउंटर का ठीक नहीं हुआ प्रिंटर मेडिकल कॉलेज के नए भवन में दो बिलिंग काउंटर एक पुरुष और दूसरा महिलाओं के लिए है। यहां मरीजों व तीमारदारों की भीड़ होती है। सोमवार को एक काउंटर पर लगा प्रिंटर खराब हो गया, जिससे कार्य प्रभावित रहा। बुधवार तक प्रिंटर ठीक नहीं हो सका था, लेकिन उस कंप्यूटर पर बिलिंग नहीं की गई। वहां जीरो बिलिंग का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिससे कार्य तेज से हुआ। मेडिकल कॉलेज में फीवर क्लीनिक का सीएमओ ने किया उद्घाटन विश्व मानवाधिकार दिवस पर बुधवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में कक्ष संख्या 14 में फीवर क्लीनिक का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने फीता काट कर किया। प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने कहा कि फीवर क्लीनिक में सामान्य बुखार, कॉमन कोल्ड, वायरल बुखार, रेस्पिरेट्री ट्रैक्ट इंफेक्शन आदि का इलाज किया जाएगा। इसमें विशेष तौर से वृद्ध मरीजों के लिए सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सीएमएम डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि क्लीनिक के नोडल डॉ. सोनू कुमार सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सेवाएं देंगे तथा डॉ. जितेंद्र कुमार मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को सेवा देंगे। इस दौरान डॉ. प्रियंका राय पांडेय ,डॉ. कन्हैया कुमार, डॉ. प्रकाश कुमार, डॉ. रजनीश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे। पहले दिन डॉ. सोनू कुमार ने करीब 70 मरीज का इलाज किया। मेडिकल कॉलेज के सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट होगा टीबी वार्ड महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के नए भवन के सेकेंड फ्लोर पर मेडिसिन वार्ड के पास अब टीबी वार्ड भी होगा। प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान वार्ड को देखा और सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत पाल व पल्मोनरी मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग शुक्ला से बात कर वार्ड को फर्स्ट से सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया। इसके बाद शाम को वार्ड को शिफ्ट करने की कवायद शुरू कर दी गई। शनिवार तक टीबी वार्ड, बलगम जांच केंद्र सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट हो जाएगा। वहीं सेकेंड फ्लोर से एचआईवी व सिफलिस जांच, एसएसके क्लीनिक, एसटीडी क्लीनिक, ओएसटी सेंटर, काउंसलिंग कक्ष आदि को फर्स्ट फ्लोर पर शिफ्ट किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


