मेडिकल कॉलेज में नौ दिन बाद पुरानी सीटी स्कैन मशीन ठीक, जांच शुरू
Deoria News - देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पुरानी सीटी स्कैन मशीन की खराबी को ठीक कर लिया गया है। इस मशीन से जांच फिर से शुरू हो गई है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को राहत मिली है। नई मशीन से जांच कराने पर शुल्क लग रहा था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा था।

देवरिया, निज संवाददाता महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पुरानी सीटी स्कैन मशीन में खराबी दूर कर ली गई है। करीब नौ दिन बाद इस मशीन से गुरुवार को जांच शुरू कर दी गई है। इसकी वजह से मरीजों और तीमारदारों को राहत मिली है। नई मशीन से जांच कराने पर मरीजों को शुल्क देना पड़ रहा था। मरीजों और तीमारदारों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा था, जिससे परेशानी हो रही थी। मेडिकल कॉलेज में पुरानी सीटी स्कैन मशीन से चौबीस घंटे जांच की निशुल्क सुविधा है। आर्थो, मेडिसिन, चेस्ट, ईएनटी, सर्जरी सहित अन्य ओपीडी में आने वाले, इमरजेंसी और वार्ड में भर्ती मरीजों को जरूरत महसूस होने पर डॉक्टर सीटी स्कैन जांच कराते हैं।
इसमें नस, चक्कर आने, सिर, पेट, हाथ, पैर, सीने, कान, दुर्घटना में घायल सहित अन्य मरीज शामिल होते हैं। यहां हर रोज करीब 50 से 60 मरीजों की जांच होती थी। करीब 2 फरवरी को मशीन में खराबी आने से जांच ठप हो गई, जिससे मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़ रहा था। इसे देखते हुए 128 स्लाइस की अत्याधुनिक नई सीटी स्कैन मशीन से जांच शुरू की गई, लेकिन सभी जांच के लिए केजीएमयू की दर पर शुल्क देना पड़ रहा था, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हो रही थी, लेकिन उन्हें मजबूरी में जांच करानी पड़ रही थी। दूर-दराज क्षेत्र से आने वाले धन खर्च करने में असमर्थ लोगों को जांच के लिए सोचना पड़ रहा था। गुरुवार को पुरानी सीटी स्कैन मशीन की खराबी दूर कर उससे जांच शुरू कर दी गई। करीब 80 मरीजों की जांच की गई। इससे मरीजों और तीमारदारों को राहत मिली है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




