
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नहीं चलेगी गड़बड़ी, स्टेट वोटर नंबर से होगी पहचान
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अब गड़बड़ी नहीं चलेगी। दो जगहों से
देवरिया, निज संवाददाता त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अब गड़बड़ी नहीं चलेगी। दो जगहों से कोई भी व्यक्ति मतदाता नहीं बन पाएगा। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पहली बार मतदाताओं को नौ डिजिट का स्टेट वोटर नंबर(एसवीएन) जारी किया है। सत्रह निकायों को छोड़कर जिले में कुल 2289010 मतदाता हैं जिनमें 1212839 पुरूष और 1076171 महिला हैं। बीते 19 अगस्त से जिले में मतदाता पुनरीक्षण का काम चल रहा है। इसके लिए 1457 बीएलओ और 193 सुपरवाइजर की डयूटी लगाई गई है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का काम कर रहे हैं। वहीं इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने लोकसभा और विधान सभा के एपिक कार्ड की तर्ज पर मतदाताओं को नौ डिजिट का स्टेट वोटर नंबर प्रदान किया है।

इससे दो जगहों पर कोई भी व्यक्ति वोटर नहीं बन पाएगा। यह मतदाताओं के लिए लिए विशेष पहचान पत्र के रूप में भी काम आएगा। मतदाता के किसी दूसरे जगह पर जाने पर भी यह नंबर अपरिवर्तित रहेगा। पुनरीक्षण में जो मतदाता नए जुड़ेंगे उनका एसवीएन नंबर बाद में जारी किया जाएगा। 29 सितंबर तक चलेगा पुनरीक्षण कार्यक्रम जिले में 29 सितंबर तक मतदाता पुनरीक्षण का कार्यक्रम चलेगा। इसके तहत बीएलओ डोर टू डोर जाकर सर्वे कर रहे हैं। इस दौरान मतदाताओं के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है। साथ ही बीएलओ मतदाताओं के नाम में संसोधन, विलोपन और नए नाम जोड़ने की सूची भी तैयार कर रहे हैं। ई-बीएलओ एप पर काम करने पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि ई-बीएलओ एप पर ज्यादा काम करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को दस हजार, दूसरे स्थान पर आठ हजार और तीसरे को छ: हजार रूपए दिए जाएंगे। बाकी पांच बीएलओ को तीन-तीन हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही केवल ई-बीएलओ एप डाउनलोड कर लेने पर बीएलओ को दो सौ रूपए मिल जाएंगे। क्या है ई-बीएलओ एप ई-बीएलओ एप के जरिए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संसोधन करने और डुप्लीकेट एंट्री जैसे काम की प्रक्रिया ऑनलाइन होती है। इससे न सिर्फ पारदर्शिता आती है, बल्कि समय की बचत भी हो जाती है। साथ ही बीएलओ के कार्य की निगरानी आसान हो जाती है। 22 को राज्य निर्वाचन आयुक्त करेंगे समीक्षा 22 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, संसोधन और डुप्लीकेट एंट्री जैसी प्रगति रिर्पोट की जानकारी लेंगे। बोले जिम्मेदार लोकसभा और विधानसभा के एपिक कार्ड के तर्ज पर पहली बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में स्टेट वोटर नंबर एलॉट किया गया है। इससे फर्जीवाड़ा पर अंकुश लगेगा। कोई भी व्यक्ति दो जगहों से मतदाता नहीं बन पाएगा। - अमरेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवरिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


