
आयोग के निर्देश पर सातों विधानसभा क्षेत्रों की अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित
Deoria News - देवरिया जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद मंगलवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों की अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। जिले में कुल 24 लाख मतदाताओं में से 19 लाख से अधिक की मैपिंग की गई है। मतदाता 6 फरवरी तक किसी भी त्रुटि के लिए दावा कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशित होगी।
देवरिया, निज संवाददाता। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण होने के पश्चात आयोग द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार मंगलवार को जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया। निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले के 2514 बूथों पर तैनात सभी बीएलओ को भी अनंतिम मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। उधर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीतिक दलों को भी विधानसभावार प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची को सौंपा। आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य संपन्न होने के बाद अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व 24 लाख 9 हजार 9 कुल मतदाताओं की संख्या थी।
जिसमें कुल 19 लाख 94 हजार 210 मतदाताओं की मैपिंग हुई है। जिनकी विधानसभावार संख्या इस प्रकार है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 92 हजार 72, देवरिया सदर में 2 लाख 71 हजार 104, पथरदेवा में 3 लाख 982, रामपुर कारखाना 3 लाख 4 हजार 737, भाटपाररानी में 2 लाख 96 हजार 675, सलेमपुर में 2 लाख 71 हजार 966 व बरहज विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 69 हजार 474 मतदाताओं की संख्या है। मंगलवार को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशन के बाद सभी बूथों पर तैनात बीएलओ के पास मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छुटने सहित अन्य जो भी कमियां हैं मतदाता संबंधित बीएलओ के पास दावे व आपत्तियां कर सकते हैं। 6 फरवरी तक दावे व आपत्तियों का मौका: ड्राफ्ट पब्लिकेशन मतदाता सूची का अवलोकन कर मतदाता किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर 6 फरवरी तक दावा व आपत्तियां कर सकते हैं। वहीं 6 जनवरी से 27 फरवरी तक दावा व आपत्तियां निस्तारित होंगी। इसके बाद सभी मापदण्डों की जाँच कर अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति 3 मार्च तक प्राप्त की जाएगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च को होगा। राजनीतिक दलों को भी डीएम ने सौंपी मतदाता सूची: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के ड्राफ्ट पब्लिकेशन मतदाता सूची मंगलवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यकक्ष में राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी सहित अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के नेताओं व उनके प्रतिनिधियों को सौंपा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर दावा व आपत्तियां की जा सकती है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव, भाजपा नेता विजय पटेल सहित निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विजय पांडेय के अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व कर्मचारी मौजूद रहे। मतदाता बनने को कर सकते हैं आवेदन: जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रारूप-6 पर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही जिन मतदाताओं के नाम, आयु, लिंग, फोटो, पता अथवा स्थान परिवर्तन से संबंधित प्रविष्टियों में कोई त्रुटि है, वे प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन करा सकते हैं, जबकि नाम अपमार्जन के लिए प्रारूप-7 पर आवेदन किया जा सकता है। आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली सभी बूथ लेवल ऑफिसरों के पास उपलब्ध है। मतदाता सूची का अवलोकन करने के बाद यदि किसी प्रविष्टि को जोड़ना, संशोधित करना अथवा हटाना हो तो निर्धारित तिथियों के भीतर संबंधित बीएलओ के पास निर्धारित प्रारूप पर आवेदन करें। सभी आवश्यक प्रपत्र बीएलओ के पास उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in अथवा प्ले स्टोर से उपलब्ध वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही अर्हता तिथि 1 नवंबर 2025 के आधार पर गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन भी 6 जनवरी को कर दिया गया है। प्रेम नारायण सिंह अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




