शहर से लेकर गांव तक नए साल की धूम, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। बुधवार की आधी रात से ही नए साल का जश्न शुरू

देवरिया, निज संवाददाता। बुधवार की आधी रात से ही नए साल का जश्न शुरू हो गया है। लोगों ने नए साल का दिल खोलकर स्वागत किया। शहर से लेकर गांव तक लोग हैप्पी न्यू ईयर के जश्न में डूबे हैं। रात से ही लोग अपने करीबियों को नव वर्ष पर बधाई संदेश भेजने में व्यस्त हैं। सुबह मंदिरों पर लोगों ने भगवान के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख- समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। वहीं पिकनिक स्पॉटों पर भी जाकर लोगों ने नए साल का जश्न मनाया। नई आशाएं, नए सपने और नई उम्मीदों के बीच सभी लोगों ने पूरे उत्साह के साथ साल 2026 का स्वागत किया।
इस पल को यादगार बनाने को हर कोई उत्सुक था। नए साल की पहली सुबह पर लोग गुरुवार को जल्दी ही जाग गए। स्नान आदि कर श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के दरबार में पूजा अर्चना की। इस दौरान लोगों ने ईश्वर से अपने परिवार और करीबियों की सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। शहर के सीसी रोड स्थित मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर, अमेठी मंदिर, राघव नगर दुर्गा मंदिर, श्री तिरुपति बालाजी मंदिर, गरुलपार मंदिर, गायत्री मंदिर, सोमनाथ मंदिर और मां अष्टभुजी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कई लोग नए वर्ष पर पिकनिक मनाने के लिए पर्यटन स्थलों को निकल गए। लोग अपने परिवार और यार दोस्तों के साथ कुशीनगर, गोरखनाथ मंदिर और नौका विहार पहुंचे और नए साल का जश्न मनाया। होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी लोगों ने न्यू ईयर पर स्पेशन व्यंजन का लुत्फ उठाया। जगह-जगह युवाओं और बच्चों ने केक काटकर नए साल को सेलिब्रेट किया। शहर के कई होटलों में न्यू ईयर पार्टी के लिए म्यूजिक, डांस व अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों का भी प्रबंध था। नव वर्ष की खुशियों में सभी लोग डूबे नजर आए। स्टेशन रोड, न्यू कॉलोनी, भटवलिया चौराहे, जलकल रोड, राघव नगर और भिखमपुर रोड, सीसी रोड, उमानगर, साकेत नगर, इंदिरा नगर, नाथनगर, देवरिया खास, कैलाशपुरी, भुजौली कॉलोनी, रामगुलाम टोला, गरूड़पार, सब्जी मंडी व चकियवा समेत अन्य सभी मोहल्लों में लोगों ने नए साल को जमकर सेलीब्रेट किया। फेसबुक, व्हाट्सअप, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हैप्पी न्यू ईयर विश करने वालों की होड़ रही। हर कोई अपने अंदाज में नया साल की शुभकामनाएं दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




