स्व-जनगणना अभियान में जनपद प्रदेश में 16 वें स्थान पर
देवरिया में स्व-जनगणना अभियान में जनभागीदारी के चलते जनपद ने प्रदेश स्तर पर 16वां स्थान प्राप्त किया है। अभियान के तहत 7 से 11 मई के बीच 10,000 लोगों ने स्व-जनगणना कराई, जिससे प्रगति 94 प्रतिशत तक पहुंच गई। अपर जिलाधिकारी ने लोगों से इस महत्वपूर्ण कार्य में भागीदारी की अपील की है।

देवरिया, निज संवाददाता। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित स्व-जनगणना अभियान में जनपद को प्रदेश स्तर पर 16वां स्थान प्राप्त हुआ है। लगातार बढ़ रही जनभागीदारी के चलते जनपद स्व-जनगणना अभियान में तेजी से प्रगति कर रहा है। जनपद में चल रहे स्व-जनगणना अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना प्रभारी रामशंकर ने जनपद न्यायाधीश, प्रमुख न्यायाधीश परिवार न्यायालय तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश से मुलाकात कर उनकी ऑनलाइन स्व-जनगणना कराई। स्व-जनगणना पूर्ण होने के उपरांत पोर्टल के माध्यम से जनरेटेड आईडी भी प्राप्त हुई। अपर जिलाधिकारी रामशंकर ने बताया कि स्व-जनगणना की व्यवस्था आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि गणनाकर्मी के घर पहुंचने के समय कोई व्यक्ति घर पर उपस्थित नहीं रहता अथवा किसी कार्य में व्यस्त रहता है, तो ऐसी स्थिति में स्व-जनगणना की सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे जनगणना कार्य सरल एवं सुगम तरीके से संपन्न हो सकेगा। उन्होंने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में सभी लोग बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाएं तथा स्वयं ऑनलाइन स्व-जनगणना कर जनगणना कार्य को आसान एवं सुविधाजनक बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास एवं पड़ोस के लोगों को भी स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया मोबाइल फोन के माध्यम से भी आसानी से पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्व-जनगणना के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखें तथा जब गणनाकर्मी घर पहुंचे तो उन्हें उक्त आईडी उपलब्ध कराएं। इससे गणनाकर्मी परिवार की जनगणना प्रक्रिया को आसानी एवं शीघ्रता से पूरा कर सकेंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई को 639 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराए जाने से जनपद की प्रगति 84.35 प्रतिशत रही। इसके बाद 8 मई को 1290 लोगों ने स्व-जनगणना कराई, जिससे उपलब्धि बढ़कर 86.35 प्रतिशत हो गई। वहीं 9 मई को 2390 लोगों द्वारा स्व-जनगणना किए जाने के बाद प्रगति 87.59 प्रतिशत तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि 10 मई को 4800 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराए जाने के बाद जनपद ने 91.47 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। इसी क्रम में 11 मई को 10 हजार लोगों द्वारा स्व-जनगणना किए जाने के साथ जनपद ने 94 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


