
लेखपाल संघ ने की सलेमपुर एसडीएम को हटाने की मांग
Deoria News - देवरिया में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने डीएम को ज्ञापन देकर सलेमपुर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव का स्थानान्तरण करने की मांग की है। लेखपाल आशीष कुमार की 29 नवंबर को अस्पताल में मृत्यु हो गई थी, लेकिन उप जिलाधिकारी ने बिना ठोस जानकारी के मृत्यु का कारण ईलाज के दौरान बताया। लेखपालों में असंतोष है।
देवरिया, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला कार्यकारिणी के अध्यक्ष संकट मोचन चतुर्वेदी व मंत्री रवि अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने डीएम दिव्या मित्तल को ज्ञापन देकर सलेमपुर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव का स्थानान्तरण करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि सलेमपुर में कार्यरत लेखपाल आशीष कुमार की मृत्यु 29 नवंबर को दोपहर गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में हृदयाघात से हो गयी। आशीष कुमार उसी दिन दोपहर में 2:23 बजे हास्पिटल में एडमिट हुए थे। लेकिन लेखपाल आशीष कुमार की मृत्यु के सम्बन्ध में उप जिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव द्वारा बिना किसी ठोस जानकारी के बयान जारी कर मृत्यु का कारण ईलाज के दौरान बताया गया।

जबकि लेखपाल आशीष कुमार की मृत्यु हास्पिटल पहुंचने के एक घंटे के दौरान हृदयाघात से हो गई। जिससे स्पष्ट होता है कि अभी उनका ईलाज हास्पिटल में शुरू भी नहीं हुआ था, ऐसी स्थिति में इनकी मृत्यु ईलाज के दौरान कैसे हो सकती है। उप जिलाधिकारी सलेमपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति से इनकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है। लेखपाल आशीष कुमार के घर जब उनका पार्थिव शरीर पहुंचा तो वहां उप जिलाधिकारी सलेमपुर से मीडिया ने सवाल पूछा कि क्या लेखपाल आशीष कुमार द्वारा एसआईआर कार्य किया जा रहा था, इसका वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। जबकि सलेमपुर तहसील के लेखपालों से जबरजस्ती रात 12 बजे तक तहसील सभागार में बैठाकर एसआईआर कार्य कराया गया। सलेमपुर एसडीएम की कही बात से जिले के लेखपालों में असंतोष है। उन्होंने एसडीएम का स्थानान्तरण करने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




