बिना परमिट दौड़ रहे स्कूल वाहनों पर चला प्रशासन का डंडा,10 का चालान
Deoria News - देवरिया में बिना परमिट के चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। एआरटीओ की अगुवाई में 10 वाहनों का चालान किया गया और दो बसों को सीज किया गया है। जिलाधिकारी ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।

देवरिया, निज संवाददाता जिले में बिना परमिट के दौड़ रहे स्कूली वाहनों को लेकर विद्यालयों पर शिकंजा कसने लगा है। एआरटीओ आशुतोष शुक्ला के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत 10 विद्यालय वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो बसों को थाने में ले जाकर सीज कर दिया गया। वहीं दो विद्यालयों की मान्यता निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भी दे दी गई है। उधर दोपहर बार कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।डीएम ने कहा कि जिन विद्यालयों को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद उनके वाहनों का परमिट प्राप्त नहीं कराया गया है, उनके विरुद्ध कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय वाहन संचालन में सभी सुरक्षा मानकों एवं परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने तथा बिना परमिट एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सीडीओ राजेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


