
भ्रष्टाचार के आरोप की जांच को छ: बार गठित हुई कमेटी, नतीजा सिफर
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। डीआईओएस पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच छ: माह में
देवरिया, निज संवाददाता। डीआईओएस पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच छ: माह में भी शुरू ही नहीं हो पाई। इसके लिए छ: बार तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन हुआ, लेकिन नतीजा सिफर रहा। थक-हारकर अब शिकायकर्ता ने जांच को अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में शिकायतकर्ता ने कहा है कि डीआईओएस की पहुंच उपर तक है। वे अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच शुरू होने नहीं दे रहे हैं। हलांकि डीआईओएस ने सभी आरोपों का खण्डन करते हुए इसे मनगढ़ंत बताया है। गोरखपुर के सर्वोदय नगर बिछिया कॉलोनी के रहने वाले जय कुमार सिंह का आरोप है कि देवरिया के डीआईओएस शिव नारायण सिंह ने मृतक आश्रित कोटे के तहत नियम विरूद्ध कई कर्मचारियों की नियुक्ति किया है।

उनके द्वारा वर्ष 2024 में बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में भी जमकर अनियमितता बरती गई। डीआईओएस कई विद्यालयों के प्रबंधकीय विवाद को बढ़ावा देना का काम करते हैं। इससे विभाग की छवि धूमिल हो रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि डीआईओएस के खिलाफ जांच करने की प्रक्रिया 22 मई 2025 से अधर में लटकी है। अपर मुख्य सचिव प्रकरण के जांच के लिए कई बार निर्देश दे चुके हैं, लेकिन छ: माह बीत जाने के बाद भी अभी तक जांच शुरू नहीं हो पाई। शिकायतकर्ता ने आशंका जाहिर की है कि डीआईओएस के पद पर कार्यरत रहने के दौरान जांच की कार्यवाही पूर्ण नहीं हो सकती है। साथ ही पत्र में शिकायती बिंदुओं की जांच निष्पक्ष रूप से संभव नहीं है। उन्होंने अपर मुख्य सचिव से डीआईओएस को अन्यत्र स्थानांतरित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आरोपों का किया खंडन डीआईओएस शिव नारायण सिंह ने अपने उपर लगाए गए भ्रष्टचार के सभी आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत कुछ लोग उन्हें झूठे मामलों में फंसाना चाहते हैं। उन्होने दलालों की कमाई रोक दिया है, जिसकी प्रतिक्रिया में वे लोग मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। कब-कब गठित हुई जांच कमेटी 23 जून 2025- मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर के नेतृत्व में। 16 जुलाई 2025- मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, वाराणसी के नेतृत्व में। 18 जुलाई 2025- मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर के नेतृत्व में। 12 अगस्त 2025- मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर के नेतृत्व में। 26 अगस्त 2025- अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक के नेतृत्व में। 29 अगस्त 2025- जांच कमेटी में अध्यक्ष को छोड़कर सदस्य बदल दिए गए। क्या है मामला 1- मो. हुसैन इंटर कॉलेज, नवलपुर में विद्यालय के खाते का अनियमित संचालन। 2- दुग्धेश्वर नाथ इंटर कॉलेज, रूद्रपुर में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों के वेतन भुगतान में अनियमितता। 3- बखरा इंटर कॉलेज में प्रबंधकीय विवाद को बढ़ावा देना। 4- बाहर सिंह श्रीनेत इंटर कॉलेज, इंदुपुर में प्रबंध समिति का विवाद 5- महात्मा भारती इंटर कॉलेज, मलकौली में कार्यरत सहायक लिपिक का मामला। 6- बिना विभागीय अनुमति के कार्यालय में वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी व एसी लगवाने में सरकारी धन के दुरूपयोग का मामला।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




