सड़क निर्माण को खेत से मिट्टी खनन की होगी जांच
Deoria News - देवरिया के गौरी बाजार के विशुनपुरा गांव में सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार पर निजी कृषि भूमि से बिना अनुमति मिट्टी निकालने का आरोप है। भाजपा नेत्री मंजू राय ने दावा किया है कि ठेकेदार ने रातों-रात करीब 100 ट्रॉली मिट्टी काटी। पुलिस ने निर्माण कार्य रोक दिया और जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।

देवरिया, निज संवाददाता गौरी बाजार के विशुनपुरा गांव में सड़क निर्माण के दौरान कृषि भूमि से ठेकदार द्वारा मिट्टी निकालने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा नेत्री मंजू राय ने लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार पर उनकी निजी कृषि भूमि से रातों-रात करीब 100 ट्रॉली मिट्टी कटान करने व धारा 24 के तहत सीमांकन के पत्थरों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है।आरोप है कि 13 अप्रैल की रात सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार ने बिना अनुमति खेत में सीमांकन चिह्नों को तोड़ते हुए मिट्टी का खनन किया। खेत से लगभग पांच फीट तक मिट्टी काटी गई है,जिससे भूमि को नुकसान पहुंचा है।
इसकी जानकारी 14 अप्रैल को होने पर मंजू राय अपने पुत्र के साथ मौके पर पहुंचीं।वहां बाउंड्री टूटी हुई मिली और खेत का बड़ा हिस्सा खोदा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवा दिया और सक्षम अधिकारी के निर्देश के बिना आगे कार्य नहीं करने का निर्देश दिया। शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच का निर्देश दिया है। ताकि स्पष्ट हो कि ठेकेदार ने निजी भूमि में अवैध रूप से मिट्टी कटान व सीमांकन चिह्नों को नुकसान पहुंचाया है या नहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


