गैस न मिलने पर उपभोक्ताओं का बवाल, मुख्य मार्ग पर घंटों लगाया जाम
Deoria News - देवरिया के मझौलीराज नगर में सुमित्रा भारत गैस एजेंसी पर रविवार को रसोई गैस न मिलने से उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। लोगों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया और गैस वितरण में अनियमितता के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और नायब तहसीलदार ने उपभोक्ताओं से जानकारी जुटाई।
मझौलीराज (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। देवरिया के मझौलीराज नगर स्थित सुमित्रा भारत गैस एजेंसी पर रविवार को रसोई गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग भी जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित रहा। गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ता पहुंचने लगे थे। करीब 10 बजे कार्यालय खुलने के बाद भी गैस वितरण न होने पर भीड़ बढ़ती गई। इसी दौरान उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल पर गैस बुकिंग ‘डिलीवर’ दिखा रही है, जबकि वास्तविक रूप से सिलिंडर नहीं मिला। संतोषजनक जवाब न मिलने पर लोग आक्रोशित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।स्थिति
बिगड़ने पर एजेंसी कर्मचारियों ने खुद को कार्यालय में बंद कर लिया। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने शटर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद करीब पचास से अधिक उपभोक्ताओं ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के जाने के करीब एक घंटे बाद नायब तहसीलदार हरिलाल यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं से कनेक्शन नंबर और बुकिंग तिथि दर्ज कराई तथा मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


