जाम से निजात, 72.03 करोड़ स्वीकृत, कसया रेलवे ढाला पर बनेगा टू-लेन ओवरब्रिज
Deoria News - देवरिया में कसया रेलवे ढाले पर ओवरब्रिज का निर्माण होगा, जिससे शहर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इसके लिए सरकार ने 72.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। सदर विधायक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस समस्या को उठाया था। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी।

देवरिया, निज संवाददाता। शहर को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। कसया रेलवे ढाला पर ओवरब्रिज का निर्माण होगा। टू-लेन ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए सरकार ने 72.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। अब नए वित्तीय वर्ष में इसका निर्माण होगा। उधर रेलवे की तरफ से भी इसकी हरी झंडी मिल गई है। सदर विधायक ने पिछले दिनों इसके लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। शहर में हर दिन जाम की समस्या रहती है और घंटों लोगों को जाम में जूझना पड़ता है। सबसे अधिक दिक्कत कसया रेलवे ढाले पर होती है। मालगोदाम होने के चलते अधिकांश समय रेलवे ढाला बंद रहता है।
रेलवे ढाला बंद होने के चलते कसया की तरफ से आने वाले लोग, रामगुलाम टोला, भीखमपुर रोड व बिहार की तरफ से आने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है। लोगों की समस्याओं को देखते हुए कई वर्षों से कसया रेलवे ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग चल रही थी। कुछ माह पहले सदर विधायक डा.शलभ मणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और इस समस्या को बताया। इसके बाद प्रस्ताव तैयार किया गया और अब 72 करोड़ 3 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। रेलवे की तरफ से भी इसको लेकर हरी झंडी दिखा दी गई है। इसकी रूपरेखा भी तैयार कर लिया गया है। धन की स्वीकृति मिलने के बाद रामगुलाम टोला के मनोज कुमार का कहना है कि यह सरकार का यह बड़ा कदम है। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। हर दिन घंटों जाम की समस्या से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी। रागिनी देवी ने भी यही बात कहीं। उन्होंने कहा कि अब जाम की समस्या से निजात मिल जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



