देवरिया में क्रेन से टकराकर अनुबंधित बस पलटी, 25 से अधिक घायल
Deoria News - गौरीबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अनुबंधित बस क्रेन से टकरा गई, जिससे बस पलट गई। इस हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हुए। सभी घायलों को सीएचसी गौरीबाजार और महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के कारण आवागमन बाधित रहा।
गौरीबाजार (देवरिया) हिन्दुस्तान टीम देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के देवगांव के समीप गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर गुरुवार को करीब 11 बजे क्रेन से टकराने के बाद एक अनुबंधित बस पलट गई। इससे बस में सवार 25 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी गौरीबाजार और महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज भेजा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आवागमन भी प्रभावित रहा। गोरखपुर डिपो की अनुबंधित बस गोरखपुर से रुद्रपुर के लिए यात्रियों को लेकर आ रही थी। गौरीबाजार चौराहे पर बैरिकेडिंग होने के चलते बस देवगांव मोड़ के समीप कट से रुद्रपुर जाने के लिए मुड़ रही थी।
मोड़ते समय वहां पर खड़े एक क्रेन से बस टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह शीशा तोड़कर उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हैं। किसी के हताहत होने की सूचना नही है। पुलिस ने सभी को उपचार के लिए सीएचसी गौरीबाजार भेजा जहां से कुछ की स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। घटना के बाद देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर आवागमन भी बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन लगाकर बस को हटवाया इसके बाद आवागमन चालू हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




