पांच वर्ष से चल रहा था प्रेम प्रसंग, शोहदे ने शक में ले ली किशोरी की जान
Deoria News - रामपुर कारखाना में एक किशोरी की हत्या कर दी गई। आरोपी शिवम ने अपने दोस्त के साथ मिलकर किशोरी को चाकू से गोदकर बेरहमी से मार डाला। यह घटना तब हुई जब किशोरी अपने भाई और बहन के साथ मोबाइल बनवाने जा रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

रामपुर कारखाना, सैयद अतहर हुसैन। शक में शोहदे ने दोस्त के साथ मिलकर किशोरी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की जानकारी मिलते ही नौतन हथियागढ़ गांव में सनसनी मच गई। देर रात तक पुलिसकर्मी घटनास्थल का जायजा लेते रहे। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव निवासी आदित्य उर्फ शिवम सिंह की नौतन हथियागढ़ गांव में ननिहाल है। वह अक्सर आया जाया करता था। इसी दौरान उसकी जान पहचान गांव की अंजली से हो गई। इंटर की पढ़ाई कर रही किशोरी को युवक ने अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। युवक को गांव का रिश्तेदार होने के चलते किशोरी उससे कुछ अधिक नहीं बोल पाती थी।
इसी का फायदा उठाते हुए शिवम किशोरी को अपने जाल में पूरी तरह फंसा लिया। कुछ दिनों से महज शक के आधार पर वह किशोरी को बात-बात पर डांट फटकार लगाने लगा था। शनिवार की रात किशोरी अपने भाई और बड़ी बहन के साथ मोबाइल बनवाने के लिए सहोदर पट्टी चौराहे पर जा रही थी। इसी दौरान शिवम गांव के ही रहने वाले अपने दोस्त राकेश कुमार गोड के साथ पीछे हो लिया। गांव से कुछ दूरी पर सुनसान जगह पर पहुंचते ही वह किशोरी, उसकी बहन और भाई को अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर वह अपने दोस्त के साथ मिलकर तीनों की पिटाई करने लगा। बताया जा रहा है कि इसी बीच शिवम ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और वारदाता को अंजाम देने के बाद भाग निकला।आनन-फानन में रात में ही पहुंचे अफसर- चाकू से गोदकर किशोरी की निर्मम हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थोड़ी देर में ही सीओ संजय कुमार रेड्डी, रामपुर कारखाना के थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान, हल्का दरोगा आनंद कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस ने मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के शहबाजपुर के रहने वाले शिवम सिंह और उसके साथी राकेश कुमार गोंड के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी का केस दर्ज कर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी और हत्यारोपी को 24 घंटे से भी कम समय में दबोच लिया।घटना की खबर मिलते ही घर में मच गया कोहरामगांव का भांजा होने के चलते आरोपी शिवम सिंह को सब लोग पहचानते थे। उसके निर्ममता के साथ चाकू गोद कर और गला रेत कर अंजली की हत्या करने की जानकारी तत्काल फैल गई। बहन गुड़िया और भाई अनीश, मां-बाप को लेकर घटनास्थल गेहूं के खेत में पहुंचे। वहां अंजली को मृत पड़ा देखकर पिता मलखा प्रसाद, मां मनसा देवी, भाई अंकित और अनीश एवं बड़ी बहन गुड़िया दहाड़े मार कर रोने लगे। रविवार की सुबह से ही परिजनों को सांत्वना देने रिश्तेदार और आसपास के लोग पहुंचने लगे। ग्राम प्रधान हरी लाल यादव पहुंचे और परिजनों को दिलासा दिए। उन्होंने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।परिजन लगा रहे पुरानी रंजिश में हत्या का आरोपरामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ निवासी अंजली की हत्या के बाद परिजन व रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाऊस पर पहुंचे। वह हत्या पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगा रहे थे। मृतका के चाचा अजीत प्रसाद ने बताया कि वह कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली के महुई में रहते हैं, जबकि भाई मलखा नेवासा पर नौतन हथियागढ़ में रहते हैं। वह ट्रक चालक हैं। करीब डेढ़ साल पहले ट्रक खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय अंजलि पिता की गलती ना होने की बात पुलिस के सामने कही थी। इसकी दूसरे पक्ष के लोगों को खुन्नस थी और खार खाए थे। इसे लेकर अंजली की हत्या कर दिए।बात करना बंद कर देने से नाराज था शिवमशहबाजपुर निवासी शिवम सिंह और दलित किशोरी का प्रेम संबंध करीब पांच वर्ष से चल रहा था। मोबाइल पर दोनों की बात होती रहती थी। इसके अलावा युवक का किशोरी के गांव नौतन हथियागढ़ अपने मामा के घर आना-जाना भी होता था। इससे दोनों की मुलाकातें बढ़ती गईं। बीच में दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ और कहा जा रहा है कि अंजली ने शिवम से बात करना बंद कर दिया। इसी बात से शिवम नाराज था और उसने अंजली की बेरहमी से हत्या कर दी।नौतन हथियागढ़ से 15 किमी दूर है शहबाजपुररामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ की शहबाजपुर से दूरी 15 किलोमीटर से अधिक है। शहबाजपुर निवासी आरोपी आदित्य उर्फ शिवम सिंह की नौतन हथियागढ़ गांव में ननिहाल है। इसके चलते वह अक्सर आया जाया करता था। मामा के वहां आने-जाने से ही उसकी जान पहचान अंजली से हो गई और उसने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था, उसने बेरहमी से किशोरी की हत्या कर दी।घटना के बाद मदद की गुहार लगाने लगे भाई-बहनमोबाइल बनवाने जा रही किशोरी, उसकी बड़ी बहन और भाई को पता तक नहीं था कि शिवम अपने दोस्त के साथ पीछे-पीछे आ रहा है। सुनसान जगह पर पहुंचते ही शिवम और राकेश बाइक से उतरे और तीनों की पिटाई करने लगे। इसी दौरान शिवम ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया। उसने किशोरी की बड़ी बहन गुड़िया और भाई के सामने ही उस पर चाकू से हमला बोल दिया। बहन पर चाकू से हमला होते देख दोनों चिल्ला कर लोगों को बुलाने लगे। तीनों के चिल्लाने का शिवम पर कोई असर नहीं पड़ा, मानो उसने किशोरी की हत्या करने की ठान ली थी। दोनों के सामने ही वह किशोरी पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार करता रहा और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।हत्या की जानकारी मिलते ही गांव में छा गया सन्नाटा- नौतन हथियागढ़ निवासी अंजली की निर्ममता से हत्या की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। देर रात हुई वारदात के बाद चौराहे से लोग अपने घरों की ओर निकल लिए। पुलिस की गाड़ियों के हूटर और परिजनों के रोने बिलखने की आवाज ही सन्नाटे को दूर कर रही थी। पूरी बात पता चलने के बाद आसपास के लोग किशोरी के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दिए। रविवार को सुबह भी गांव में सन्नाटा छाया रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


