दहेज उत्पीड़न व मारपीट का आरोप, पति समेत 6 पर मुकदमा
रामपुर कारखाना में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा मांगी है। पुलिस ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

रामपुर कारखाना(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। छानबीन के बाद पुलिस ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस को दी गई तहरीर में निधि यादव पत्नी संदीप यादव ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज और सोने की मांग को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते आ रहे हैं।
उसका मायका गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बोड़िया अनंत गांव में है। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और खर्च के लिए भी पैसा नहीं दिया जाता। पीड़िता का कहना है कि 31 मई को ससुराल पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उससे बातचीत तक नहीं की। वहीं 7 जून को पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। बीच-बचाव के लिए पहुंचे उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। विवाहिता ने अपने पति संदीप यादव, सास विमला देवी, दो ननद एवं दो देवर पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है। छानबीन के बाद रामपुर कारखाना पुलिस ने उपरोक्त आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न समेत आधा दर्जन से अधिक धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान ने कहा कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


