धक्का देकर चोरों ने बोलेरो उड़ाया, जांच में जुटी पुलिस
Deoria News - महुआडीह थाना क्षेत्र में रामपुर गौनरिया चौराहे के करंज मोड़ पर बुधवार रात चोरों ने एक बोलेरो चुरा ली। वाहन के मालिक रामानंद यादव ने चोरों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों को पकड़ने का दावा किया है।

महुआडीह, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के रामपुर गौनरिया चौराहे के करंज मोड़ से बुधवार की रात चोरों ने दरवाजे पर खड़ी एक बोलेरों को धक्का देकर उड़ा दिया। वाहन स्वामी व पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन चोर बोलेरो लेकर फरार हो गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले रामानंद यादव महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर गौनरिया चौराहे के करंज मोड़ के समीप मकान बनवाकर रहते हैं। उनकी बोलेरो भी वहीं खड़ी होती थी। बुधवार की रात भी दरवाजे पर ही बोलेरो खड़ी थी। रात को चोर उनके दरवाजे पर पहुंचे और बोलेरो को धक्का देकर हाटा मार्ग पर उतार दिए।
शीशा तोड़कर चोर बोलेरो को चालू कर फरार हो गए। बोलेरो चालू होते ही रामानंद को भनक लग गई और वह बाइक से पीछा करते हुए गौरीबाजार तक पहुंचे और पुलिस को भी जानकारी दी। पुलिस भी सक्रिय हुई, लेकिन बोलेरो चोर लेकर चले गए। सुबह महुआडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसी फुटेज खंगाला। साथ ही जल्द ही चोरों को पकड़ लेने का पुलिस दावा कर रही है। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सीसी फुटेज में वाहन चोरी की घटना कैद हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बोलेरो बरामद कर ली जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


