वीडियो कॉल कर बैंक मैनेजर ने किया फांसी लगाने का प्रयास, पुलिस ने बचाया
संक्षेप: Deoria News - परिजनों से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान ही फांसी लगाने लगे मैनेजर -ममेरे

देवरिया, निज संवाददाता। शहर के देवरिया रामनाथ मोहल्ले में किराए पर रह रहे एक बैंक के मैनेजर ने मंगलवार की रात को परिवार के सदस्यों को वीडियो कॉल कर कमरे में फांसी लगाने की कोशिश की। परिजनों की सूचना पर लोकेशन ट्रेस कर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उन्हें फंदे से उतारकर जान बचा ली। मैनेजर का उनकी पत्नी से विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले बैंक मैनेजर शहर के देवरिया रामनाथ मोहल्ले में किराये के मकान में रहते हैं। वह यहां शहर के एक बैंक में कार्यरत हैं। मंगलवार की रात करीब 1 बजे परिवार के सदस्यों से वीडियो कॉल पर बात करने के दौरान कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश करने लगे।
इसकी जानकारी बैंक मैनेजर के ममेरे भाई ने डीजीपी कार्यालय को दी। वहां से एसपी के पीआरओ डॉ. महेन्द्र कुमार को फोन कर इसके बारे में बताया गया। पीआरओ ने कोतवाली पुलिस और सर्विलांस सेल में मुख्य आरक्षी विमलेश सिंह को अवगत कराया। पुलिस तत्काल बैंक मैनेजर की लोकेशन ट्रेस कर कमरे पर पहुंची और बैंक मैनेजर को फंदे से उतारकर सकुशल बचा लिया। कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस की तत्परता के कारण बैंक मैनेजर की जान बच गई। एक व्यक्ति किसी बैंक में कार्यरत है। उसके फांसी लगाने की कोशिश की जानकारी मिली थी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बचा लिया। उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आनंद कुमार पाण्डेय, एएसपी, देवरिया

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




