कड़ी निगरानी में 31 केन्द्रों पर हुई बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा
देवरिया में रविवार को 31 केन्द्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा में यूपी और बिहार के परीक्षार्थियों ने भाग लिया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। पहली पाली में 1146 और दूसरी पाली में 1141 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पेपर आसान था, लेकिन माइनस मार्किंग का डर था।

देवरिया, निज संवाददाता। रविवार को जिले के 31 केन्द्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा हुई। सुबह और शाम दो पालियों में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में यूपी और बिहार के परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा केन्द्रों के गेट से लेकर परिसर तक में पुलिस की चुस्त-दुरूस्त व्यवस्था रही। पहली पाली में 1146 तथा दूसरी पाली में 1141 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुछ परीक्षा केंद्रों का स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट व अन्य अफसरों ने जायजा किया।
सुरक्षा व्यवस्था
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। यह परीक्षा दो पालियों में सुबह 9 से 12 व 2 से 5 बजे तक कुल 13892 की परीक्षा होनी थी। सभी केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया गया था। अधिकांश केन्द्रों पर सुबह समय से पहले परीक्षार्थियों की लाइन लग गयी। परीक्षा केन्द्रों पर तैनात अध्यापकों, कर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच के बाद उन्हे लाइन से अंदर भेजा गया। तीखी धूप और गर्मी के बीच पहली पाली की परीक्षा 12 बजे संपन्न हुई। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 तक में कुल 12746 परीक्षार्थी उपस्थित और 1146 अनुपस्थित रहे। इस तरह सुबह पाली में 91.75 फीसदी उपस्थित और 8.25 फीसदी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर 2 से 5 बजे तक की परीक्षा में 12751 उपस्थित तथा 1141 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थित होने वालों में 5 की संख्या बढ़ गयी। इसमें 91.78 फीसदी उपस्थित और 8.22 फीसदी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों को दोनों पालियों की परीक्षा में भाग लेना था, इसके चलते उन्हे दोपहर 12 से दो बजे के बीच सड़कों के किनारें, पेड़ों और मकानों, दुकानों के बरामदें समय गुजारनी पड़ी। अधिकांश दुकानें बंद होने से उन्हे नास्ते, पानी को ठेला, खोमचा वालों का सहारा लेना पड़ा।
परीक्षा अनुभव
प्रवेश परीक्षा का पेपर बहुत बढ़िया आया था, जिसने भी पढ़ाई किया था उसके लिए कोई दिक्कत नहीं हुई। 100 प्रश्नों के लिए तीन घंटे का पर्याप्त समय मिला था।
ज्योति सिंह हेतकर, सीवान
पेपर सरल था, लेकिन माइनस मार्किंग के चलते जिस पर पूरा कान्फिडेंस था उसी को किया। प्रश्न बहुत हार्ड नहीं थे, लेकिन कुछ उलझाऊ थे। इससे उन्होंने 84 प्रश्न किया।
साक्षी कुमारी, पुलिस लाइन
शुरू में पेपर लगा बहुत आसान है, लेकिन प्रश्नों को हल करने के दौरान बहुत सोच-समझ कर जवाब देना पड़ा। माइनस मार्किंग के भय से उनके द्वारा 50 प्रश्नों का जवाब दिया गया।
विकास कुमार, बेगूसराय
पढ़ने के अनुसार ही प्रश्न आये थे, हल करने के लिए पर्याप्त समय भी था। लेकिन प्रश्नों का जवाब देने के दौरान माइनस मार्किंग का भय सभी को सताता रहा।
सूरज कुमार, शिवधर
पेपर बहुत अच्छा आया था, तीन घंटे का समय मिलने के चलते उन्होंने जिस पर उन्हे पूरा विश्वास था उसका जवाब दिया, उनके द्वारा 100 में कुल 88 प्रश्नों को हल किया गया।
पलक सिंह, सीवान
कुछ प्रश्नों ने उलझाया, इसके चलते उन्हे समझने में समय लगा। इस दौरान गर्मी के चलते भी थोड़ी परेशानी हुई। इसके बाद भी उन्होंने माइनस मार्किंग को देखते हुए 80 प्रश्नों का जवाब दिया।
साक्षी सोनकर, दरभंगा
रामपुर नरायनपुर की जगह रामपुर कारखाना पहुंच गए बीएड परीक्षार्थी
रामपुर कारखाना, हिन्दुस्तान संवाद। एक दर्जन से अधिक बीएड परीक्षार्थी रामपुर नारायनपुर की जगह रामपुर कारखाना पहुंच गए। एडमिट कार्ड पर सेंटर कोड नहीं होने से परीक्षार्थियों को परेशानी हुई। एक शिक्षक ने स्कूल का पता कंफर्म कर परीक्षार्थियों को टेंपो से परीक्षा केंद्र भिजवाया। रामपुर कारखाना के अशोक इंटर कॉलेज और जनता इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। कई बिहार के भी परीक्षार्थियों ने फॉर्म भरा था। कुछ परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज रामपुर नरायनपुर था। लेकिन टेंपो चालकों ने उन्हें रामपुर कारखाना और डुमरी पहुंचा दिया। जनता इंटर कॉलेज के शिक्षक मजहर अली ने अपने कॉलेज पहुंचे और पता कर परीक्षार्थियों को रामपुर गौनरिया जाने की सलाह दी। परीक्षार्थियों को टेंपो रिजर्व कर रामपुर गौनरिया स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज भिजवाया, जो रामपुर कारखाना से 20 किलोमीटर दूर होने से परीक्षार्थियों को परेशानी हुई, लेकिन वह समय से केन्द्र पर पहुंच गये।
प्रश्नोत्तरी
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


