
लोक निर्माण विभाग में भुगतान को लेकर मोबाइल पर भिड़े लिपिक, आडियो वायरल
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। देवरिया लोक निर्माण विभाग लगातार चर्चा में है। चकाचक सड़क पर
देवरिया, निज संवाददाता। देवरिया लोक निर्माण विभाग लगातार चर्चा में है। चकाचक सड़क पर रुपया मंगाने, कार्य का कई गुना बजट मंगाने के बाद अब लोक निर्माण विभाग में भुगतान को लेकर दो लिपिकों के आपस में भिड़ने का मामला सामने आया है। इसका आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें छह सड़कों के भुगतान के कमीशन पर भी चर्चा हो रही है। आडियो वायरल होते ही विभाग में खलबली मच गई है। उधर एक लिपिक की पत्नी ने एसपी विक्रांत वीर से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खण्ड में तैनात दो लिपिकों के बीच का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जिसमें एक लिपिक एक बिल के भुगतान को लेकर चर्चा करता है और धीरे-धीरे बात बढ़ती जाती है। लिपिक 11 बिल के भुगतान में केवल छह बिल का रुपया मिलने की भी बात कहता है। इतना ही नहीं, बातचीत करने के दौरान लिपिक इतना आक्रोशित हो जाता है कि अपशब्द बोलने लगता है और जान से मारने की धमकी तक दे देता है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि एक लिपिक एक जिम्मेदार अधिकारी का चहेता है। इसलिए उसका मनोबल विभाग में बढ़ गया है और वह अपने को अधिकारी से कम नहीं समझता। कमीशन ही नहीं, कई जगहों पर बिना काम का भी भुगतान किया गया है। आडियो वायरल होने के बाद विभाग की किरकिरी शुरू हो गई है। उधर शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी अपनी तरफ से जांच शुरू कर दी है। हालांकि देर शाम तक इस मामले में कार्रवाई नहीं हो सकी थी। माना जा रहा है कि धमकी देने वाले लिपिक पर विभागीय कार्रवाई की गाज जल्द गिर सकती है। जिम्मेदार अधिकारी केवल जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दे रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




