Deoria News: इमरजेंसी में डाक्टर व तीमारदार के बीच मारपीट, तोड़फोड़, एक हिरासत में
Deoria News: देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में शनिवार को तीमारदार और डॉक्टर के बीच कहासुनी हो गई। हाथापाई में तीमारदार के सिर पर चोट आई और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में शनिवार को इलाज कराने आए एक तीमारदार व डाक्टर के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। मारपीट में तीमारदार के सिर पर चोट आ गई। इस दौरान इमरजेंसी में तोड़फोड़ भी हो गई। मारपीट के चलते कुछ देर तक अस्पताल की इमरजेंसी में अफरा-तफरी मची रही। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। दोनों तरफ से इस मामले में कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
इमरजेंसी में विवाद का कारण
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपरा चंद्रभान निवासी सचिन गुप्ता (30) की ससुराल सुरौली थाना क्षेत्र के रानीघाट में है। शनिवार को सचिन अपनी सास का उपचार कराने के लिए मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में पहुंचे। इस दौरान चिकित्सक ने बीपी मापी और फिर इंजेक्शन देने की बात कही। इस बीच चिकित्सक व सचिन के बीच कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। हाथापाई हो गई। आरोप है कि सचिन की तरफ से चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार किया गया और अपशब्द बोलने के साथ ही हाथापाई की गई। उधर सचिन का आरोप है कि उनके साथ चिकित्सक व अन्य कर्मचारियों ने मारपीर की। जिससे उसका सिर फट गया। इसके बाद बाहरी व्यक्ति डंडा बेल्ट लेकर इमरजेंसी में सचिन के समर्थन में पहुंच गए। जिसके चलते इमरजेंसी में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस और अधिकारी की कार्रवाई
कर्मचारी लामबंद हो गए और इमरजेंसी भी प्रभावित होने लगी। सूचना पर सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी, शहर कोतवाल शशिभूषण पुलिस बल के साथ पहुंचे और पूरी जानकारी ली। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है। दोनों तरफ से इस मामले में तहरीर दी गई है। मौके से पुलिस ने एक बुलेट भी बरामद किया। सीएमएस डा.एचके मिश्र ने बताया कि एक तीमारदार ने चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार किया था। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं हुई।
सीसी कैमरा से जुड़ी जानकारी
मेडिकल कालेज की इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में शिफ्ट की गई है। अभी सीसी कैमरा लगाने का कार्य चल रहा है। जहां विवाद हुआ है, वहां सीओ सिटी सबसे पहले पहुंचे और सीसी कैमरे की जानकारी ली। लेकिन पता चला कि विवाद वाले स्थान पर अभी सीसी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। जल्द ही वहां भी सीसी कैमरे लगा दिए जाएंगे। प्रक्रिया चल रही है।
उपचार कराने आए तीमारदार व चिकित्सक में विवाद हुआ था। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार रेड्डी, सीओ सिटी, देवरिया


