
संदिग्ध आतंकी आसिफ को लेकर गोपनीय ढंग से बिजनौर पहुंची दिल्ली पुलिस, पिस्टल- कारतूस बरामद
30 नवंबर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रेहड़ थाना के गांव फाजलपुर उर्फ मच्छमार में छापा मारकर आसिफ उर्फ आरिश पुत्र अल्ताफ को गिरफ्तार किया था। आरिश पर पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी के साथ संबंध होने अन्य लोगों के साथ मिलकर आतंकी घटना में शामिल होने का आरोप था।
पंजाब के गुरदासपुर में हुए धमाके की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल शुक्रवार शाम संदिग्ध आतंकी आसिफ उर्फ आरिश शाह को लेकर बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र के गांव फाजलपुर मच्छमार पहुंची। दिल्ली पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की स्थानीय पुलिस तक को भी जानकारी नहीं हुई। आसिफ की निशानदेही पर दिल्ली की स्पेशल सेल ने एक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस आसिफ और बरामद पिस्टल को लेकर दिल्ली लौट गई।
30 नवंबर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रेहड़ थाना के गांव फाजलपुर उर्फ मच्छमार में छापा मारकर गांव निवासी आसिफ उर्फ आरिश पुत्र अल्ताफ को गिरफ्तार किया था। आरिश पर पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी के साथ संबंध होने अन्य लोगों के साथ मिलकर आतंकी घटना में शामिल होने का आरोप था। दिल्ली पुलिस ने आरिश के साथ पंजाब और मध्य प्रदेश से भी दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार देर शाम गुरदासपुर (पंजाब) धमाके के संदिग्ध आरोपी और दिल्ली में अवैध असलहा खरीद-फरोख्त में शामिल बताए जा रहे आरिश शाह के साथ पूरी गोपनीयता के साथ गांव में दाखिल हुई। टीम ने आरिश के घर को चारों ओर से घेरकर पूरी तरह सील कर दिया। करीब एक घंटे तक टीम घर के अंदर रही, जहां तलाशी के साथ-साथ आरिश और परिजनों से पूछताछ भी की। अचानक हुई इस कार्रवाई को लेकर गांव में हड़कंप मच गया।
आसिफ की निशानदेही पर पिस्टल और कारतूस बरामद
सूत्रों का कहना है कि स्पेशल सेल टीम ने आसिफ की निशानदेही पर एक पिस्टल और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं। करीब एक घंटे तक दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई जारी रही और पुलिस अधिकारियों ने पूरे इलाके में सख्त निगरानी बनाए रखी। सीओ अफजलगढ़ आलोक सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम और इसके साथ आई थी टीम ने आरएसएस पिस्टल और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।





