काम की बात: दिल्ली कांड से हो जाएं सचेत! घर बैठे 50 रुपए में होता है नौकर का वैरिफिकेशन, जानिए पूरी प्रक्रिया

लाइव हिन्दुस्तान, मुरादाबाद, वरिष्ठ संवाददाता
Follow us on Google News
share

दिल्ली में एक आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या और लूट के मामले ने घरेलू नौकरों के पुलिस सत्यापन (Verification) की अनिवार्यता को फिर से चर्चा में ला दिया है। उत्तर प्रदेश में मात्र 50 रुपये की फीस देकर घर बैठे सत्यापन कराया जा सकता है।

दिल्ली कांड से हो जाएं सचेत! घर बैठे 50 रुपए में होता है नौकर का वैरिफिकेशन, जानिए पूरी प्रक्रिया

दिल्ली की अमर कालोनी कैलाश हिल्स में वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की रेप के बाद हत्या की वारदात ने सभी को हिलाकर रख दिया है। हत्यारोपी ने घर में लूटपाट भी की थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया तो सभी चौंक गए। पता चला कि आईआरएस अधिकारी ने आठ माह पूर्व जिस नौकर राहुल मीणा को बिना पुलिस से सत्यापन कराए रखा था उसी ने वारदात को अंजाम दिया है। यह कोई पहली घटना नहीं है। इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां बिना सत्यापन रखे गए नौकर ही हत्या, लूटपाट और चोरी जैसी वारदात को अंजाम दे चुके हैं। जबकि कोई भी आसानी से घर बैठे ऑनलाइन या पुलिस स्टेशन जाकर ऑफलाइन आवेदन करके नौकर का वैरिफेकिशन करा सकता है।

मुरादाबाद महानगर हो या यूपी का कोई शहर, लगभग सभी बड़ी सोसायटी, कालोनियों और कोठियों में रहने वालों ने अपने परिवार में घरेलू सहायक(नौकर) रख रखे हैं। इनकी संख्या हजारों में है। लेकिन इनमें से इक्का-दुक्का नौकरों का ही सत्यापन हुआ है। जबकि प्रत्येक थाने में घरेलू सहायक और किरायेदार के सत्यापन के लिए रजिस्टर बनाए गए हैं। इसके बाद भी लोग समय और चंद पैसों की बचत के चक्कर में नौकर का पुलिस सत्यापन नहीं कराते हैं।

मात्र 50 रुपये फीस में घर बैठे होता है पुलिस वेरिफिकेशन

घरेलू नौकर का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के लिए अब थाने के चक्कर नहीं काटने पड़ते। आईए जानते हैं कैसे घर बैठे मकान मालिक ऑनलाइन आवेदन करके 50 रुपये फीस देकर नौकर का सत्यापन करा सकता है।

1-इसके लिए सबसे पहले यूपी पुलिस की वेबसाइट या यूपीकॉप मोबाइल ऐप पर जाना होगा।

2-यहां आपको होम पेज खोलते ही सीटीजन सर्विस(नागरिक सेवा) विकल्प को क्लिक करना होगा।

3-इस सीटीजन सर्विस में आपको डोमेस्टिक हेल्प वेरिफिकेशन विकल्प को चुनना है।

4-इस विकल्प को चुनते ही आपके सामने एक पेज खुलेगा जो असल में ऑनलाइन आवेदन फार्म है।

5-इस फार्म को भरकर आप नौकर द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज को भी अटैच करेंगे। बस हो गया आवेदन।

6-इस आवेदन के बाद यदि नौकर जिले का है तो पांच दिन और जिले से बाहर का है तो 15 दिन के अंदर उसका पुलिस सत्यापन हो जाएगा।

7-दूसरे राज्य का नौकर है तो सत्यापन में बीस दिन का समय लगता है।

8-आफलाइन के लिए अपने थाने पर सूचना देनी होती है। इस सूचना के बाद थाने से संबंधित क्षेत्र के दरोगा और बीट सिपाही उस नौकर का सत्यापन करते हैं।

कई घटना हो चुकी हैं मुरादाबाद में

घरेलू नौकर द्वारा वारदात के कई मामले मुरादाबाद में सामने आ चुके हैं। बीते साल मई 2025 में सिविल लाइंस के पॉश कालोनी में नौकर ने कारोबारी की वृद्धा मां की हत्या कर दी थी। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी का दस साल पुराना नौकर 6.75 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गया था। दोनों मामलों में नौकर का पुलिस सत्यापन नहीं हुआ था। हर बार पुलिस ने जब जांच की तो वारदातों के शिकार हुए लोग नौकरों का पता तक नहीं बता पाए थे।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार कई आपराधिक गतिविधियों में घरेलू सहायक या नौकर की भूमिका सामने आती रही है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को चाहिए कि नौकर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन जरूर करा लें। सत्यापन की प्रक्रिया बहुत ही आसान है। विभिन्न बैठकों में पुलिस की ओर से लोगों को इस संबंध में जागरूक भी किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग लापरवाही बरतते हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।