दिल्ली के कपड़ा व्यापारी से यूपी में 20 लाख की लूट, हाईवे पर कार रोककर वारदात
दिल्ली के कपड़ा व्यापारी से हापुड़ा में 20 लाख रुपए लूट लिए गए। मुरादाबाद से लौटते समय रविवार की देर रात वारदात को अंजाम दिया गया। गढ़ गंगा पार करते ही हाईवे पर उनकी कार को रोककर पिस्टल के बल पर बदमाशों ने वारदात की।

मुरादाबाद से दिल्ली लौट रहे कपड़ा व्यापारी से दो कार में सवार सशस्त्र बदमाशों ने हापुड़ जिले में हथियारों की नोक पर 20 लाख रुपये लूट लिए। कपड़ा व्यापारी ने दिल्ली पहुंचकर एक जनप्रतिनिधि को लूट की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली। रविवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस को लूट की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस ने दिल्ली लखनऊ हाईवे पर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दिल्ली से व्यापारी को बुलाकर जानकारी ली।
दिल्ली निवासी डब्बू जैन कपड़े के थोक व्यापारी हैं। बताया गया है कि डब्बू जैन का कपड़ा मुरादाबाद मंडल में भी बिक्री के लिए जाता है। रविवार को डब्बू जैन कपड़ों की बिक्री का पैसा लेने के लिए मुरादाबाद गए हुए थे। रात को करीब 9:30 बजे मुरादाबाद से 20 लाख रुपये लेकर कार से दिल्ली लौट रहे थे। व्यापारी ने अपने दोस्त भाजपा नेता को जानकारी देते हुए बताया कि गढ़ गंगा पुल पार करने के बाद दो कारों में सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
व्यापारी ने बताया कार रोकने के बाद एक बदमाश ने ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और दूसरा बदमाश कार में अंदर घुस गया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार में रखे 20 लाख रुपये लूट लिए और आगे जाकर उतर गए। व्यापारी ने बताया कि वह इतना भयभीत हो गया कि उसने दिल्ली तक कार नहीं रुकवाई और वह अपने घर आ गया।
बदमाश ड्राइवर का मोबाइल भी लूटकर ले गए। बदमाशों ने गंगा पुल को क्रॉस होने के करीब 10 किलोमीटर बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद गढ़ और सिंभावली पुलिस ने हाइवे पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने व्यापारी को मौके पर बुलाया है।
डीएसपी स्तुति सिंह का कहना है कि लूट की सूचना किसी अन्य ने दी है, जबकि व्यापारी ना तो पुलिस के पास आया और ना ही कॉल की। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। गाड़ी की फुटेज और बदमाशों की कार की फुटेज सीसीटीवी कैमरे से देखी जा रही है। व्यापारी को दिल्ली से बुलाया है। जो स्थान उन्होंने बताया है वहां पहुंचकर पुलिस छानबीन कर रही हैं। वहीं, भाजपा नेता प्रमोद नागर ने बताया कि व्यापारी ने दिल्ली पहुंचकर उनको फोन पर घटना बताई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


