बेड पर शव, पास में शराब की बोतलें; कानपुर में रिटायर्ड इंजीनियर की कमरे में मिली सड़ी-गली लाश
कानपुर में सिंचाई विभाग के पूर्व इंजीनियर का शव गुरुवार को कमरे में सड़ी-गली हालत में मिला। कमरे में शराब की बोतलें भी पड़ी थीं। करीब 15 दिन से संपर्क न होने पर उनके भाई-बहन घर पहुंचे थे। दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी तो बेड पर शव पड़ा मिला।
यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां परिवार से अलग जाजमऊ के आदर्श नगर में रहने वाले सिंचाई विभाग के पूर्व इंजीनियर का शव गुरुवार को कमरे में सड़ी-गली हालत में मिला। कमरे में शराब की बोतलें भी पड़ी थीं। करीब 15 दिन से संपर्क न होने पर उनके भाई-बहन घर पहुंचे थे। दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी तो बेड पर शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक की पत्नी इनकम टैक्स विभाग से रिटायर हैं और करीब दो साल से दोनों बेटियों के साथ वाराणसी में मायके में रह रही हैं।
आदर्श नगर के रहने वाले 62 वर्षीय अमरकांत घोष सिंचाई विभाग से जेई पद से रिटायर हुए थे। परिवार में पत्नी पूर्णिमा और दो बेटियां रुद्राणी व ब्राह्मणी हैं। मृतक की बहन कल्पना ने बताया कि भाभी मायके में बेटियों के साथ रहती हैं। यहां पर भाई अमरकांत अकेले ही रहते थे। करीब दो साल पहले वह रिटायर हुए थे। कल्पना ने बताया कि वह दस से 15 दिन में आकर भाई के हाल-चाल ले लेती थी। 25 दिसंबर के बाद से वह भी घर नहीं आ सकी। वहीं भाई का फोन भी बंद बता रहा था।
कई दिनों से बंद था मोबाइल
बड़े भाई आर्यनगर के रहने वाले रमाकांत घोष ने बताया कि भाई को नए वर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए कॉल किया था, लेकिन नंबर बंद बता रहा था। काफी समय से बात न होने पर वह बहन कल्पना के साथ घर पहुंचे तो दरवाजे के पास से दुर्गंध आ रही थी। इस पर अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मकान के अंदर जाकर देखा तो कमरे के बेड पर अमरकांत का शव पड़ा हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया,शव करीब तीन से चार दिन पुराना लग रहा है।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



