कर्ज से परेशान कारोबारी ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, सुसाइड से पहले पत्नी को किया वीडियो कॉल
मेरठ में एक कारोबारी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। उस पर बैंक से लाखों का कर्ज था। सुसाइड से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर खुदकुशी करने की बात कही थी और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बिजली बंबा स्थित जुर्रानपुर फाटक के पास एक कारोबारी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। पूछताछ में सामने आया कि उस पर बैंक से लाखों का कर्ज था। सुसाइड से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर खुदकुशी करने की बात कही थी और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार फतेहउल्लापुर में माता के मंदिर के रहने वाले रुस्तम के 36 साल के बेटे मोहसिन लोहे के गेट और जाली बनाने का काम करते थे। मोहसिन की शादी 20 साल पहले शाहीन के साथ हुई थी। दंपति के दो बेटियां हैं। परिजनों ने बताया कि मोहसिन ने एक साल पहले बैंक से साढ़े छह लाख का कर्ज लिया था। इसकी किस्तें वह चुका नहीं पा रहा था।
नहीं चुका पा रहे थे कर्ज
मोहसिन पर तकादा किया जा रहा था, जिससे वह काफी परेशान थे। शुक्रवार सुबह इसे लेकर मोहसिन का घर में झगड़ा भी हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गए। शुक्रवार देर रात मोहसिन ने पत्नी के मोबाइल पर वीडियो कॉल करके बात की। मोहसिन ने बीवी से कहा कि वह कर्ज से परेशान होकर जान दे रहा है। इसके बाद जुर्रानपुर फाटक पर मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लोहियानगर थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कर्ज और पारिवारिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

