
देवरिया में अब रेलवे ट्रैक सिग्नल पर लटकती मिली लाश, घरवाले बोले-की गई हत्या
सुनील राव मंगलवार को किसी काम से घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। बुधवार की भोर में भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के पूर्वी आउटर के पास लगे सिग्नल लाइट पर उनका शव गमछे के सहारे लटकता हुआ स्थानीय लोगों ने देखा।
Dead body hanging from a railway signal: उत्तर प्रदेश के देवरिया मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी में सोमवार को एक युवक की सड़ी-गली लाश मिलने की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं है कि बुधवार की भोर में एक रेलवे सिग्नल एक अन्य युवक का शव गमछे के सहारे लटकता हुआ मिला। भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर पर स्थित सिग्नल पर लाश की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस घटना की जांच में जुटी है। युवक की शिनाख्त कर ली गई है। परिवारीजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।

देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरपुर निजाम हनुमानगंज निवासी सुनील राव (उम्र 35 वर्ष) पुत्र गौरी शंकर राव मंगलवार को किसी काम से घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। बुधवार की भोर में भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के पूर्वी आउटर के पास लगे सिग्नल लाइट पर सुनील का शव गमछे के सहारे लटकता हुआ स्थानीय लोगों ने देखा।
शव को देख लोगों ने इसकी जानकारी भटनी जीआरपी को दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को नीचे उतारकर उसकी शिनाख्त कराई। शव की पहचान होने पर इसकी जानकारी जीआरपी ने युवक के परिजनों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । उधर इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को सिग्नल पर लटकाने की आशंका जताई है।
क्या बोली पुलिस
इस बारे में पूछे जाने पर जीआरपी इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया कि एक युवक का शव पूर्वी सिग्नल से लटकता हुआ मिला है । शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवारवाले हत्या की बात कह रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। जो भी बातें सामने आएंगी उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





