अलीगढ़ में दारोगा ने दी अनोखी सजा, नाबालिग की पीठ पर ईंट रखकर बनाया मुर्गा, वीडियो वायरल

संवाददाता, अलीगढ़
Follow us on Google News
share

अलीगढ़ से एक दारोगा ने जुएं के आरोप में पकड़े गए लड़के को अपनी ओर से अनोखी सजा दे दी। दारोगा ने लड़के की पीठ पर ईंट रखकर उसे मुर्गा बनाया और छोड़ दिया। चर्चा है कि छोड़ने के एवज में रुपये भी लिए गए। ये घटना 10 दिन पुरानी है।

daroga made minor stand like a rooster by placing a brick on his back

UP News: यूपी के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां विजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक दारोगा ने जुएं के आरोप में पकड़े गए लड़के को अपनी ओर से अनोखी सजा दे दी। दारोगा ने लड़के की पीठ पर ईंट रखकर उसे मुर्गा बनाया और छोड़ दिया। चर्चा है कि छोड़ने के एवज में रुपये भी लिए गए। बताया जा रहा है कि लड़का नाबालिग है। वहीं, ये घटना 10 दिन पुरानी है। रविवार को सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ तो एसएसपी नीरज जादौन ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।

मामला विजयगढ़ क्षेत्र के कसाईयान मोहल्ले का है। वायरल वीडियो में विजयगढ़ थाने में तैनात दारोगा अनिल गुप्ता एक लड़के को दंडित करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लड़का मुर्गा बना हुआ है और उसकी पीठ पर ईंट रखी है। जबकि आसपास कुछ लोग खड़े नजर आ रहे हैं। बताया गया कि उसे जुआ खेलने के आरोप में पकड़ा गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे। लोगों का कहना है कि किसी भी आरोपी के साथ इस तरह का व्यवहार कानून और मानवाधिकारों के खिलाफ है।

मामले को लेकर लोगों ने जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में सीओ बरला गर्वित सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में उपनिरीक्षक अनिल गुप्ता द्वारा पब्लिक से दुर्व्यवहार किया जा रहा है। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए अनिल गुप्ता को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

15 हजार घूस मांगने पर दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उधर, आजमगढ़ में 15 हजार घूस मांगने के आरोप में निजामाबाद पुलिस ने अपने ही थाना पर तैनात दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इधर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया। आरोपी दरोगा बंद मकान के निर्माण कार्य को शुरू कराने के नाम पर रुपये मांग रहा था। पीड़ित ने सीओ सदर से मिलकर आरोपी दरोगा पर कार्रवाई की मांग की थी। सीओ सदर के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने दरोगा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।

निजामाबाद थाना क्षेत्र के क्यामुद्दीनपट्टी उर्फ परसहां गांव निवासी शहजाद अहमद मकान का निर्माण करा रहे हैं। दूसरे पक्ष के लोगों ने थाना पर तहरीर दी थी। थानाध्यक्ष ने काम को मकान के निर्माण कार्य को बंद करा दिया था। फरिहा पुलिस चौकी पर तैनात उप निरीक्षक परमात्मा यादव और सिपाही प्रशांत सिंह ने फोन कर शहजाद अहमद को बुलाया। कहा कि बड़े साहब से बात हुई है, 10 हजार रुपये लेकर आना तुम्हारा काम शुरू करा दिया जाएगा। दूसरे दिन दरोगा ने फोन पर कहा कि 10 हजार रुपये के अलावा पांच हजार रुपये अलग से लाना।

पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने गुरुवार को सीओ सदर आस्था जायसवाल से मिलकर आरोपी दरोगा के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ सदर के निर्देश पर निजामाबाद थाना की पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी दरोगा परमात्मा यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएएपी ने उक्त दरोगा को निलंबित कर दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी दरोगा परमात्मा यादव को शनिवार को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।