पहली बार नहीं कई बार पति को मारने की रची थी साजिश; सांप कांड में दामिनी का कबूलनामा

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, मेरठ/हस्तिनापुर
Follow us on Google News
share

मेरठ के चर्चित सांप कांड में पुलिस ने खुलासा किया कि पत्नी दामिनी और उसके प्रेमी तुषार ने पति अतुल की हत्या के लिए पहले जहर और सड़क हादसे की साजिश रची, लेकिन नाकाम रहे। तीसरी बार जहरीले सांप से डसवाकर हत्या कर दी।

meerut murder

मेरठ के सांप कांड में स्कूल संचालक की पत्नी दामिनी ने वैन ड्राइवर तुषार से अपने अवैध संबंधों को जारी रखने के लिए पति अतुल को रास्ते से हटाने के लिए कई बार साजिश रची। पहले जहर देकर और फिर एक्सीडेंट कराकर जान लेना चाहा लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। तीसरी बार दामिनी और तुषार ने मिलकर जहरीले सांप से डसवा कर आखिरकार अतुल की जान ले ली। पुलिस ने केस का खुलासा करते हुए दामिनी और तुषार समेत सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में आरोपियों को जेल भेजा गया है।

पति की हत्या दामिनी को नहीं अफसोस

दामिनी के चेहरे पर पति अतुल की हत्या करने का जरा भी अफसोस नहीं दिखा। वो बेखौफ दिखी और पुलिस की जांच और कार्रवाई में सहयोग करती रही। पुलिस ने जो भी उससे पूछा, सारी साजिश का राजफाश वह खुद ही करती रही। पति अतुल को कब-कब मारने का प्रयास किया और फिर कैसे सांप वाली साजिश रची, ये भी बताया। इस दौरान दामिनी के माथे पर जरा भी शिकन नहीं थी।

प्रेमी तुषार ने दामिनी पर फोड़ा ठीकरा

दूसरी ओर, तुषार ने भी पूरे घटनाक्रम का ठीकरा दामिनी पर फोड़ दिया। बताया कि दामिनी अपने पति अतुल से परेशान थी और उससे छुटकारा चाहती थी। तुषार ने बताया कि वह दामिनी को प्यार करता है, इसलिए हत्या में मदद की और सांप लाकर दिया। पुलिस ने दामिनी, तुषार, सोनू और उदय को शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों के फोन भी जब्त किए गए। शनिवार को आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश किया गया। कोर्ट में बताया गया कि सभी ने मिलकर स्कूल संचालक की हत्या की है और घटना को सांप से डसवा कर अंजाम दिया गया। केस की गंभीरता को देखते हुए सभी को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

4 महीने से हत्या की प्लानिंग कर रही थी दामिनी

आपको बता दें दामिनी और तुषार पिछले करीब चार माह से अतुल की हत्या की प्लानिंग कर रहे थे। चार माह पहले नशे की गोलियां अतुल के खाने में मिलाकर दी गई थी। 20 दिन पहले हस्तिनापुर में ही तुषार ने कार से टक्कर मारकर अतुल को मारने का प्रयास किया था, लेकिन हेलमेट होने के कारण वह बच गया था। गुरुवार रात को तीसरी बार हत्या का प्रयास किया गया, जिसमें कामयाब हुए। इस बार जहरीले सांप करैत से डसवा कर अतुल की हत्या कर दी।

वैन ड्राइवर से दामिनी का लव अफेयर

दामिनी का करीब एक साल पहले अपने ही स्कूल की वैन पर चालक तुषार से प्रेम प्रसंग हो गया। पिछले करीब चार माह में दो बार अतुल की हत्या की कोशिश की गई थी। सबसे पहले तुषार ने एक दवा लाकर दामिनी को दी थी, जिसे खाने में मिलाकर अतुल को दिया था। इसके बाद अतुल की हालत बिगड़ी थी और अस्पताल भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के प्रयास से उस समय अतुल बच गया था। इसके बाद एक ज्योतिषी का हवाला देकर दामिनी ने कहा कि उन्हें गांव का मकान छोड़कर दूसरी जगह रहने की सलाह दी है। इसके बाद दंपति हस्तिनापुर में रहने लगे।

कार से कुचने की कोशिश भी की

वहीं, 20 दिन पहले तुषार ने एक अर्टिगा कार लेकर हस्तिनापुर से बाहर बाइक चला रहे अतुल को टक्कर मारी थी। हालांकि अतुल हेलमेट होने के कारण बच गया था। इस दौरान अतुल ने पुलिस से शिकायत की बात कही थी, लेकिन दामिनी ने ही मना कर दिया था और कह दिया कि जब तुमने गाड़ी का नंबर नहीं देखा तो शिकायत करके क्या होगा।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।