नशेड़ी कहने पर भड़का दामाद, सास की गोली मारकर हत्या; तमंचा लहराते हुआ फरार

Feb 13, 2026 09:40 am ISTsandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, मुरादाबाद
share

मुरादाबाद के मझोला में नशेड़ी कहने पर नाराज दामाद ने सास रुकसाना की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

नशेड़ी कहने पर भड़का दामाद, सास की गोली मारकर हत्या; तमंचा लहराते हुआ फरार

मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र की टीचर्स कॉलोनी में गुरुवार रात घरेलू विवाद के बाद हुए हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी। यहां नशेड़ी कहे जाने से नाराज दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी अपने एक दोस्त के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा निवासी शकील अहमद पिछले कुछ महीनों से परिवार सहित जयंतीपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी रुकसाना (40), तीन बेटियां और चार बेटे शामिल हैं। शकील की बड़ी बेटी साहिबा की शादी करीब पांच वर्ष पहले मोती मस्जिद निवासी गुलनवाज से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते गुलनवाज अपने घर से अलग रह रहा था और पिछले दो महीनों से ससुराल में ही एक कमरे में पत्नी के साथ रह रहा था।

सास ने 'नशेड़ी' कहकर टोका था

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब आठ बजे रुकसाना रसोई में खाना बना रही थीं। उसी दौरान गुलनवाज का दोस्त मुस्तफा उसे बुलाने के लिए घर आया। जब गुलनवाज उसके साथ जाने लगा, तो रुकसाना ने उसे ‘नशेड़ी’ कहकर टोका। परिवार के लोगों के अनुसार गुलनवाज नशे का आदी था और इसी बात पर वह अक्सर विवाद करता था। सास द्वारा टोकने पर वह अचानक गुस्से में आ गया और तमंचा निकालकर रुकसाना पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी गुलनवाज अपने दोस्त के साथ तमंचा लहराते हुए फरार हो गया। परिजन तुरंत रुकसाना को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।

आरोपी दामाद की तलाश में दबिश

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मृतका के दामाद गुलनवाज और उसके दोस्त मुस्तफा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुस्तफा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

पत्नी बोली- जिसने सहारा दिया उसी को मार डाला

मृतका की बेटी साहिबा, जो आरोपी की पत्नी भी है, मां की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गई। उसने कहा कि जिस मां ने उसके पति को सहारा देकर घर में जगह दी, उसी की उसने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और सात बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।