दलित महिला हत्याकांड: जेल में बैरक नंबर-14 में रहेगा पारस, खाना खाते समय परिवार को याद कर रोया
दलित महिला की हत्या के आरोपी पारस सोम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। जिला कारागार में खाना खाते वक्त पारस परिवार का याद कर रोने लगा।

मेरठ में दलित महिला की हत्या के आरोपी पारस सोम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। जिला कारागार में खाना खाते वक्त पारस परिवार का याद कर रोने लगा। उसे जिला कारागार की मुलाहिजा बैरक संख्या नंबर 14 में रखा गया है। जेल प्रशासन ने बताया कि आरोपी को दाल सब्जी रोटी चावल खाने में दिया गया है। जेल में डाक्टर ने उसका चेकअप भी किया। रविवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच पारस सोम को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जिला कारागार जेलर डॉ. हरवंश पांडेय ने कहा, अपहरण और हत्या के आरोपी पारस सोम को मुलाहिजा बैरक नंबर 14 में रखा गया है। आरोपी ने जेल में खाना मांगा था। खाना खाते वक्त परिवार को याद कर वह रोने लगा। परिवार से नहीं मिलने से वह परेशान दिखा, उसे डाक्टर को भी दिखाया गया है।
कचहरी को छावनी में किया तब्दील, चप्पे-चप्पे पर फोर्स
रूबी के कोर्ट में बयान और पारस को पेश किए जाने के चलते रविवार को कचहरी परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। दो सीओ समेत आठ थानों का फोर्स और पुलिस लाइन से टीम को लगाया गया। पुलिस ने गुपचुप तरीके से रूबी को कोर्ट में पेश किया और बयान कराए। जब पारस को कचहरी लाया गया तो रास्ते के दोनों ओर पुलिस घेरा बनाकर और रस्सी लेकर खड़ी हो गई। कंबल लपेटकर और मुंह पर मफलर बांधकर पारस कचहरी में पुलिस अभिरक्षा में आया। कोर्ट में पारस को पेश किया जिसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
सुबह 10 बजे कराया रूबी का मेडिकल
बरामदगी के बाद पुलिस ने रूबी को महिला थाने में रखा। रविवार सुबह जिला अस्पताल में रूबी को पुलिस टीम लेकर पहुंची और मेडिकल कराया। इसके बाद पारस को भी अस्पताल में लाकर मेडिकल कराया गया। रूबी की मेडिकल रिपोर्ट लेकर पुलिस टीम लौट गई।
दोपहर में कचहरी में पुलिस का मूवमेंट बढ़ा
दोपहर करीब दो बजे कचहरी में पुलिस फोर्स का मूवमेंट बढ़ा दिया गया। कचहरी में सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी और सीओ सरधना आशुतोष कुमार को आठ थानों की फोर्स के साथ लगाया गया। पुलिस लाइन से भी फोर्स बुला लिया गया। दोपहर करीब 3.30 बजे रूबी को कोर्ट में पेश कराकर बयान कराए गए। पारस को करीब 4.30 बजे कचहरी लाया गया। स्पेशल सीजेएम कोर्ट के बाहर रास्ते पर दोनों ओर पुलिस रस्सी लेकर खड़ी हो गई और कार्डन बना लिया। पुलिस गाड़ी में पारस को लेकर पहुंची। पारस ने कंबल लपेटा हुआ था और मुंह पर मफलर बांधा हुआ था।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



