दबदबा था, दबदबा है…. अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चलवाया वीडियो, सपा प्रमुख का कहां निशाना

Feb 17, 2026 02:32 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

अखिलेश यादव ने लखनऊ में 'दबदबा है...' वाला एक विवादित वीडियो चलाकर यूपी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्कार्पियो और हथियारों के प्रदर्शन वाले इस वीडियो के जरिए उन्होंने पीएम मोदी और दिल्ली की राजनीति पर भी निशाना साधा है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक नया दांव खेला। अखिलेश ने इस दौरान 'दबदबा था, दबदबा है, दबदबा बना रहेगा' बोल वाले गाने का वीडियो चलाकर सीधे भाजपा की घेराबंदी की। अखिलेश यादव ने इस वीडियो के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि प्रदेश में लोकतंत्र की जगह अब 'हथियारों और हूटर्स' के दम पर दबदबे की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। सपा प्रमुख का यह कदम भाजपा की 'लॉ एंड ऑर्डर' वाली छवि पर एक सीधा प्रहार माना जा रहा है।

'दिल्ली वालों' के लिए अखिलेश का 'एडवांस वेपन'

वीडियो दिखाने के पीछे की मंशा साफ करते हुए अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिना नाम लिए हमला किया। अखिलेश ने कहा हमारा 'वेपन' (हथियार) तैयार है। उन्होंने कहा कि हम पहले से ही अपनी तैयारी रखे हैं, कहीं ऐसा न हो कि कल को दिल्ली वाले (पीएम मोदी) आएं और कहें कि समाजवादियों ने ऐसा गाना बना दिया है। अखिलेश ने कहा, "हमने अपनी फील्डिंग एकदम सही लगाकर रखी है।" दरअसल, उनका इशारा बिहार चुनाव की उस घटना की ओर था, जहां पीएम मोदी ने 'सिक्सर की छह गोली' वाले गाने का जिक्र कर तेजस्वी यादव पर हमला बोला था। अखिलेश ने साफ कर दिया कि इस बार वे भाजपा को ऐसा कोई मौका नहीं देने वाले और तथ्यों के साथ पहले से तैयार हैं।

हथियार और हूटर: वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर

अखिलेश यादव द्वारा चलाए गए वीडियो में स्कार्पियो सवार युवकों के हाथों में कई हथियार दिखाई दे रहे हैं। हूटर बजाती गाड़ियों के साथ 'दबदबा था, दबदबा है दबदबा बना रहेगा' के बोल पर ये युवक रील बना रहे हैं। गाने के बोल बेहद आपत्तिजनक हैं, जिसमें 'कट्टा सटा रहेगा' और 'चुनाव लड़ेंगे पक्का है' जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया है। अखिलेश ने इस वीडियो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की कि सत्ता के संरक्षण में किस तरह से दबंगों के हौसले बुलंद हैं, जो खुलेआम हिंसा का प्रदर्शन कर रहे हैं और चुनाव लड़ने की धमकी दे रहे हैं।

"सरकार चुनाव नहीं करा रही, ये तैयारी कर रहे हैं"

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक रिपोर्टर ने सवाल किय कि क्या इस वीडियो के बाद उन युवकों पर कार्रवाई होगी? इस पर अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, "आप कहां भटक गए? सरकार तो पंचायत चुनाव ही नहीं करा रही है, जबकि ये लोग तो पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटे हैं।" उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देखिए किस तरह से प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव की जमीन तैयार की जा रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण और अन्य तकनीकी पेच फंसाकर चुनाव टाल रही है क्योंकि वह जानती है कि जनता उनके खिलाफ है, वहीं धरातल पर उनके लोग 'दबदबे' के दम पर माहौल बिगाड़ रहे हैं।

बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े विवाद के बाद सामने आया था 'दबदबा'

गौरतलब है कि 'दबदबा था, दबदबा है और दबदबा बना रहेगा' यह डॉयलाग भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े विवाद के बाद सामने आया था। बृजभूषण शरण सिंह को पहलवानों से विवाद के बाद भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। नया चुनाव हुआ तो लोगों को उम्मीद थी कि अध्यक्ष की कुर्सी पर उनके विरोधी आएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बृजभूषण शरण सिंह के ही करीबी संजय सिंह को जीत मिली। इसी के बाद एक पोस्टर के साथ बृजभूषण शरण सिंह के बेटे वायरल हो गए। इसी पोस्टर पर लिखा था कि दबदबा था, दबदबा है और दबदबा बना रहेगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।