व्हाट्सएप से बुलाए जाते थे ग्राहक, प्रति घंटा के हिसाब से वसूली; सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
मकान में गुड़िया नाम की महिला सेक्स रैकेट का संचालन कर रही थी। सूचना पर सीओ के नेतृत्व में मकान पर दबिश देकर गुड़िया के साथ ही गाजियाबाद की रहने वाली कोमल उर्फ स्वाति, बारादरी के मोनिश और बाकरगंज निवासी चांद को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की किला पुलिस ने बाकरगंज क्षेत्र में संचालित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकरगंज की महिला अपने घर में यह रैकेट चला रही थी। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
किला पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम सूचना मिली कि चौकी क्षेत्र बाकरगंज में साबरी मस्जिद के पास एक मकान में गुड़िया नाम की महिला सेक्स रैकेट का संचालन कर रही है। सूचना पर सीओ अंजनी कुमार तिवारी के नेतृत्व में मकान पर दबिश देकर गुड़िया के साथ ही गाजियाबाद के थाना डासना क्षेत्र की रहने वाली कोमल उर्फ स्वाति, बारादरी के रहने वाले मोनिश और बाकरगंज निवासी चांद को गिरफ्तार कर लिया गया। घर की तलाशी में तमाम आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने उस सामग्री को सील कर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।
गुड़िया उपलब्ध कराती थी कमरे और सुविधाएं
मौके से गिरफ्तार कोमल उर्फ स्वाति कॉलगर्ल है, जिसे गिरोह की सरगना गुड़िया ने बुलाया था। गुड़िया अपने घर में ही देह व्यापार के लिए कमरा, बेड और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराती थी। प्रति घंटे 500 से 1000 रुपये तक वसूली की जाती थी, जिसमें गुड़िया का भी कमीशन होता था। ग्राहकों को व्हाट्सएप के माध्यम से लड़कियों के फोटो भेजकर बुलाया जाता था। गिरफ्तार हुए एक अभियुक्त ने इसकी पुष्टि की और दो हजार रुपये देने की बात कही।
बच्चे के साथ जेल गई कॉलगर्ल
किला इंस्पेक्टर सुभाष कुमार ने बताया कि कोमल उर्फ स्वाति करीब एक साल के बच्चे के साथ यहां देह व्यापार को आई थी। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो बच्चा भी वहां मौजूद था। मां के साथ उसका बच्चा भी जेल भेजा गया है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

