क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन कीमती बैट चोरी, पूछा- मोदी-योगी के पास जाऊं या...
क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन कीमती बैट आगरा स्थित उनकी अकादमी से चोरी हो गए हैं। उन्होंने बैट चुराने वाले को उसे वापस करने का आफर दिया है। इसके साथ ही लोगों से पूछा है कि मोदी-योगी के पास जाऊं या पुलिस में शिकायत करूं।

भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन महंगे ‘प्लेयर एडिशन’ बैट चोरी हो गए हैं। इसकी जानकारी दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी है। दीपक चाहर ने बताया कि शास्त्रीपुरम स्थित चाहर-डावर क्रिकेट अकादमी से अभ्यास के दौरान उनके बैट चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि जिसने बैट चुराए हैं, उसे शायद इनकी कीमत का अंदाजा नहीं है। तीनों बैट करीब डेढ़ लाख रुपये के हैं। चोर इन्हें सस्ते में बेच देगा या फिर टेनिस बॉल से खेलेगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर उसे पैसे की जरूरत थी तो उनसे ही मांग लेता, वह दे देते। उनका 49 सेकेंड का वीडियो अब चर्चा में है।
पुलिस में शिकायत करूं या योगी-मोदी के पास जाऊं
वीडियो में दीपक चाहर ने प्रशंसकों से पूछा कि अब उन्हें क्या करना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पास कई विकल्प हैं। वह पुलिस में शिकायत कर सकते हैं, योगी जी या मोदी जी के पास जा सकते हैं या फिर भगवान से प्रार्थना कर सकते हैं कि बैट चुराने वाले को सद्बुद्धि आए और वह बैट वापस कर दे। उन्होंने यह भी कहा कि बैट वापस करने पर वह चोर को पैसे देने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा उन्होंने बैट निर्माता एसएस से नए बैट मांगने का विकल्प भी बताया।
सोशल मीडिया पर वीडियो की चर्चा
दीपक चाहर के इस अंदाज की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। वीडियो पर प्रशंसक अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें पुलिस में शिकायत करने की सलाह दे रहे हैं तो कुछ उनकी बातों के मजेदार अंदाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। फिलहाल चोरी हुए तीनों बैट बरामद होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
तेज गेंदबाज और आईपीएल के स्टार हैं चाहर
मूल रूप से आगरा के रहने वाले दीपक चाहर भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज होने के साथ ही आईपीएल (IPL) में अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। घरेलू क्रिकेट में राजस्थान से खेलने वाले दीपक चाहर ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में महज 7 रन देकर 6 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था। इसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी।
पिता और भाई भी क्रिकेट से जुड़े हैं
दीपक चाहर का पूरा परिवार क्रिकेट की जुड़ा हुआ है। उनके पिता लोकेंद्र सिंह चाहर सरकारी नौकरी छोड़कर दीपक और उनके चचेरे भाई राहुल चाहर (भारतीय स्पिनर) को अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेटर बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। आगरा में युवा प्रतिभाओं को तराशने के लिए ही उन्होंने 'चाहर-डावर क्रिकेट अकादमी' की शुरुआत की थी। यहां से अब यह बैट चोरी का मामला सामने आया है।



