
शादी में पकड़े गए प्रेमी युगल ने खाया जहर, दोनों की मौत; परिवारों ने छिपाकर कर दिया अंतिम संस्कार
बिजनौर में प्यार पर परिवारों के विरोध की कीमत दो जानों को चुकानी पड़ी। अलग जाति से संबंध होने के कारण दबाव झेल रहे प्रेमी युगल ने शादी समारोह के दौरान जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
यूपी के बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। प्रेमिका अभी नाबालिग थी और अलग जाति की थी, जिसके चलते दोनों के परिजन विरोध कर रहे थे। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि बताया जाता है कि पुलिस के कहने के बाद भी परिजनों ने युवक का शव नहीं सौंपा था। सीओ धामपुर का कहना है कि अगर शिकायत होगी तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार धामपुर क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक का प्रेम-प्रसंग नगीना थानाक्षेत्र के गांव निवासी दूसरी बिरादरी की किशोरी से चल रहा था। शुक्रवार रात किशोरी अपने फुफेरे भाई की शादी में स्योहारा क्षेत्र के एक गांव में पहुंची थी। उधर, किशोरी का प्रेमी उसके फुफेरे भाई का दोस्त था, जिसके चलते वह भी शादी में पहुंचा था। बताया जाता है कि शादी में परिजनों ने किशोरी को युवक के साथ देख लिया, जिस पर उन्होंने रोक-टोक की।
बताया जाता है कि परिजनों की बात से खिन्न होकर प्रेमी युगल ने स्योहारा क्षेत्र के गांव में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर युवक अपने गांव आ गया। युवक ने जहर खाने की जानकारी बस स्टैंड पर पहुंचकर परिजनों को दी। परिजन उसको लेकर धामपुर के निजी अस्पताल पहुंचे। जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी ओर किशोरी की भी मौत हो गई, दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों ने बिना किसी को सूचना दिए युवक का गांव में जबकि किशोरी का बिजनौर बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया।
पोंटा साहिब में नौकरी करता था प्रेमी
युवक पोंटा साहिब में नौकरी करता था, दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही वह अपने घर आया था। उसकी प्रेमिका को भी इसी शादी में शामिल होने जाना था। दोनों ने एक राय होकर शादी में पहुंचने का प्रोग्राम तय किया।
इस मामले में सीओ अभय कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत के मामले में परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं कराई गई है। परिजन मृतक का पोस्टमार्टम करने के पक्ष में नहीं है। पुलिस में शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई होगी। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है।





