छोटे कारोबारियों की समृद्धि के बिना देश खुशहाल नहीं बन सकता, आगरा में बोले अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने कहा, जब तक हमारा कारोबारी वर्ग संपन्न नहीं होगा, तब तक हम खुशहाली का रास्ता नहीं अपना सकते। इसलिए हमें व्यापक सोच के साथ छोटे कारोबार और छोटे कारोबारियों की समस्याओं पर बात करनी होगी।

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि जब तक कारोबारी वर्ग संपन्न नहीं होगा, तब तक देश खुशहाली के रास्ते पर आगे नहीं बढ़ सकता। यादव ने यहां 'विजन इंडिया (पीडीए)' संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं आगरा इसलिए आया हूं कि छोटे कारोबारी क्यों बर्बाद हो रहे हैं, इस बारे में आप लोगों के सुझाव ले सकूं।' उन्होंने कहा, 'अगर हम भारत को नए स्वरूप में देखना चाहते हैं, तो 'विजन इंडिया' की शुरुआत इसी विषय से करेंगे कि छोटे कारोबार क्यों बर्बाद हो रहे हैं।'
सपा प्रमुख ने कहा, 'जब तक हमारा कारोबारी वर्ग संपन्न नहीं होगा, तब तक हम खुशहाली का रास्ता नहीं अपना सकते। इसलिए हमें व्यापक सोच के साथ छोटे कारोबार और छोटे कारोबारियों की समस्याओं पर बात करनी होगी।' उन्होंने कहा, ''हमारा मानना है कि छोटे कारोबारियों की समस्याओं, चुनौतियों, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को तब तक नहीं समझा जा सकता, जब तक उन्हें विभिन्न श्रेणियों में वर्गीकृत नहीं किया जाता। उनकी समस्याओं और कारोबार की प्रकृति को समझे बिना उनका समाधान संभव नहीं है।'
2012 से 2017 तक सपा सरकार ने किया विकास
यादव ने वर्ष 2012 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगरा और आसपास के क्षेत्रों के उद्यमियों, पेशेवरों और बुद्धिजीवियों को 'विजन इंडिया' के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'यह पीडीए संवाद भी उसी दिशा में एक प्रयास है। यह एक प्रगतिशील संवाद है, जिसके माध्यम से हम लोगों से जुड़कर उनकी बात सुनना चाहते हैं।' यादव ने दावा किया कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान हुए विकास कार्य किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'अगर मैं एक-एक काम गिनाने लगूं, तो शायद आपको विश्वास हो जाएगा कि जितना काम समाजवादी सरकार के दौरान हुआ, उतना पहले कभी नहीं हुआ था। विशेष रूप से आगरा के विकास के लिए हमने कई महत्वपूर्ण पहल की थीं।'
आगरा को लखनऊ से हमने जोड़ा
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, संग्रहालय, मेट्रो तथा अन्य परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ''हमने सपना देखा था कि आगरा को लखनऊ से जोड़ा जाए। उस समय बैंकों का भी पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा था और बड़ी परियोजनाओं के लिए वित्त जुटाना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद राज्य के बजट से बनने वाला आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया।' यादव ने कहा कि 'विजन इंडिया' कार्यक्रम की शुरुआत गाजियाबाद से की गई थी, जहां किसानों और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा, 'हमने कहा था कि जब खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा। छोटे कारोबार और लघु उद्योगों की गतिविधियां भी वहीं से गति पकड़ती हैं। हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद कृषि से ही जुड़ी है।' सपा प्रमुख ने कहा कि आगरा की पहचान देश ही नहीं, दुनिया भर में है और इसका वैश्विक महत्व है।
सपा सरकार ने बनवाया था इटावा में लायन सफारी
अखिलेश यदव ने आगरा से इटावा तक कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इटावा लायन सफारी का उदाहरण दिया। यादव ने कहा, 'आज पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ गए हैं, इसलिए लोग साइकिल का अधिक उपयोग कर रहे हैं। समाजवादी सरकार ने देश का पहला साइकिल हाईवे बनाकर इटावा को आगरा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया था, जो आज भी उपयोग में है।' उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में औद्योगिक नीति की आधारशिला रखी गई थी और वर्तमान में भी कुछ बदलावों के साथ उसी नीति का अनुसरण किया जा रहा है। यादव ने कहा, 'बहुत से लोग वादे करते हैं, लेकिन मैं भरोसा दिलाता हूं कि आगरा में समाजवादी लोग आईटी सिटी विकसित करने का काम करेंगे।' सपा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में सैफई से लेकर लखनऊ तक कराए गए विभिन्न कार्यों का भी उल्लेख किया।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट
पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर
यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका
(डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर
आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और
डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल
वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।
पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब
एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो
उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने
करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में
प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी
है।


