करेंसी चेस्ट में सीमा पार से आए 17.29 करोड़ नकली नोट? मैनेजर की गिरफ्तारी के बीच यह आशंका

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यूपी के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ से ज्यादा के नकली नोटों  का लिंक नेपाल से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। एजेंसियों की जांच इसी दिशा में अब चल रही है।

Counterfeit notes 17.29 crore in currency chest from across border
सहारनपुर के पीएनबी में 17 करोड़ से ज्यादा नकली नोटों की जांच तेज हो गई है (फाइल फोटो)

यूपी के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ 29 लाख के नकली नोटों की जांच का कनेक्शन सीमा पार से जुड़ने की आशंका जांच एजेंसियों को है। फरार मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के लिए पहले ही इसी आधार पर लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। एजेंसियों को नेपाल या नेपाल सीमा के पास से नकली नोटों के यहां तक आने की आशंका है। मंगलवार को करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार की गिरफ्तारी के साथ ही माना जा रहा है कि जल्द पूरे मामले का खुलासा होने के साथ ही नेटवर्क भी सामने आ जाएगा। फिलहाल एजेंसियों के रडार पर फरार चार कर्मचारी हैं।

मुकदमा दर्ज होने के बाद से इन कर्मचारियों के मोबाइल बंद बताए जा रहे हैं, जबकि उनके आवासों पर ताले लगे होने की बात सामने आई है। जांच टीम चारों कर्मचारियों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में लगी है। चार कर्मचारियों के अचानक संपर्क से बाहर होने को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। फिलहाल उनकी गैरमौजूदगी के कारण और प्रकरण में उनकी किसी भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद संबंधित कर्मचारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद मिले।

इसके बाद टीम ने उनके घरों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई। वहां भी कर्मचारियों के नहीं मिलने और ताला लगा होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि ये कर्मचारी मुख्य मंडल प्रबंधक रवि कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सोफिया मार्केट सुशील कुमार और करेंसी चेस्ट प्रबंधक जगाधरी अमित कुमार के संपर्क में रहे हैं। अब अमित की गिरफ्तारी से कुछ मामले खुल सकते हैं।

करेंसी चेस्ट से लगी शाखा पर भी नजर

नकली नोटों के इतने बड़े मामले में करेंसी चेस्ट से जुड़े बैंकिंग कामकाज की पड़ताल पहले से ही जांच का अहम हिस्सा है। इसी क्रम में चेस्ट से सटी शाखा कर्मचारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है। टीम यह समझने का प्रयास कर रही है कि संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारियां क्या थीं और करेंसी चेस्ट से उनका आधिकारिक संपर्क किस स्तर तक था।

नकदी के आवागमन की भी पड़ताल

जांच का एक अहम पहलू बैंक में नकदी के आने-जाने, नोटों की गिनती और सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया बताया जा रहा है। संबंधित दस्तावेजों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकदी से जुड़े कामकाज में कौन-कौन से कर्मचारी शामिल थे। बैंक परिसर और आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी जांच के दायरे में आ सकती है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकरेंसी चेस्ट में सीमा पार से आए 17.29 करोड़ नकली नोट? यह जताई जा रही आशंका